
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: बलरामपुर जिले के कुसमी - जशपुर मार्ग परगुरुवार की शाम बस और बाइक में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोट आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कोटवार की सूचना पर कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों का शव बरामद कर पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम कांची निवासी ननसू राम बरगाह (18) अपने दोस्त कुसमी क्षेत्र निवासी राजू राम के साथ कुसमी आया था। दोनों गुरुवार की शाम कुसमी से अपने घर जाने के लिए बाइक से निकले थे।
ग्राम गोविंदपुर के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही बस से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सिर के बल सड़क पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस और बाइक दोनों की रफ्तार काफी तेज थी। इसी वजह से यह हादसा हुआ। सबसे बड़ी बात यह रही कि दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था।
हेलमेट नहीं पहनने के कारण सिर में गंभीर चोट आई और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यदि हेलमेट पहना होता तो शायद जान बच सकती थी। पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बाद भी हेलमेट को लेकर लोगों में जागरूकता नहीं दिख रही है, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में। ग्रामीण क्षेत्रों में बिना हेलमेट के बाइक चलाना आम बात हो गई है, जिसके कारण ऐसे हादसों में मौत का आंकड़ा बढ़ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों का शव बरामद कर पीएम के लिए कुसमी अस्पताल में भिजवाया। वहीं युवकों की मौत की सूचना फोन से उनके स्वजन को दी गई। खबर मिलते ही दोनों युवकों के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दुर्घटनाकारित बस प्रतिदिन अंबिकापुर से कुसमी और जशपुर होते हुए गुमला तक चलती है। गुरुवार की शाम बस जशपुर की ओर से यात्रियों को लेकर कुसमी आ रही थी। इसी दौरान गोविंदपुर के पास यह हादसा हो गया।