
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर (रघुनाथनगर) में आयोजित कर्मा महोत्सव के दौरान मंच पर जगह नहीं मिलने से भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं वर्तमान जनपद पंचायत सभापति भगवान दास केशरी नाराज हो गए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच पर जगह नहीं मिलने को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति संभालने के लिए पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने पहले उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस ने उन्हें मंच से नीचे उतारकर बाहर कर दिया। मंच से उतारे जाने के बाद भगवान दास केशरी ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी के लिए क्या कुछ नहीं किया।
विपक्ष में रहते हुए लाठियां खाईं, कई मुकदमों का सामना किया और पार्टी की गतिविधियों एवं चुनावों में अपनी जेब से पैसा खर्च किया। इसके बावजूद आज उन्हें सम्मान और उचित स्थान नहीं मिल रहा है। उनकी नाराजगी केवल मंच पर जगह नहीं मिलने तक सीमित नहीं थी, बल्कि पार्टी में पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की लगातार हो रही उपेक्षा को लेकर भी थी। कर्मा महोत्सव में सामने आए इस घटनाक्रम ने भाजपा के स्थानीय संगठन में कार्यकर्ताओं को मिल रहे सम्मान और स्थान को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में हवाई हमले की चेतावनी पर जमीन पर लेटे लोग, घायलों को सुरक्षित निकालने का हुआ अभ्यास
विधायक पर उपेक्षा का आरोप, जिलाध्यक्ष को लिखा पत्र
मंच पर हुए विवाद के बाद भगवान दास केशरी ने 28 नवंबर को भाजपा जिलाध्यक्ष बलरामपुर को पत्र लिखकर स्थानीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते पर पुराने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने वाड्रफनगर और रघुनाथनगर मंडल में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है। इस संबंध में भगवान दास केशरी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला।