
नईदुनिया प्रतिनिधि, बलरामपुर: सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत जानने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम मानपुर, बेलकोना और पोड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।\
इस दौरान नल-जल योजना की बदहाल स्थिति, अधूरे कार्यों और प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बन रही सड़क की गुणवत्ता को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बेलकोना के हरिगलेटा पहुंच मार्ग पर सड़क निर्माण की खराब गुणवत्ता सामने आने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और जिम्मेदार निर्माण एजेंसी को नोटिस जारी करने की बात कही।
कहीं नल-जल योजना बंद, कहीं काम अधूरा
ग्रामीणों को घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित नल-जल योजना की समीक्षा के दौरान कुछ गांवों में योजना बंद होने और कुछ स्थानों पर काम अधूरा होने की स्थिति सामने आई। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बंद पड़ी योजनाओं को शीघ्र चालू किया जाए और अधूरे कार्यों को तत्काल पूरा कराया जाए। उन्होंने सभी घरों तक पानी पहुंचाने पर जोर देते हुए पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जनमन सड़क की गुणवत्ता पर सवाल
ग्राम पंचायत बेलकोना के हरिगलेटा गांव पहुंच मार्ग पर प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करते समय कलेक्टर ने निर्माण की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई। सड़क निर्माण में खराब गुणवत्ता को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और जिम्मेदार निर्माण एजेंसी को नोटिस जारी करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए। सरकारी योजनाओं के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन छात्रावास भवन तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया। इस दौरान शंकरगढ़ एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो, जनपद पंचायत सीईओ वेद प्रकाश पांडेय, नायब तहसीलदार गजराज सिंह, कार्यक्रम अधिकारी प्रीति प्रियंका लकड़ा, परियोजना अधिकारी राहुल सिंह, आरईएस एसडीओ बसिल मिंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।