
नईदुनिया न्यूज, वाड्रफनगर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में जानू मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने करीब 50 से 60 लाख रुपये के महंगे मोबाइल फोन और लैपटॉप पार कर दिए। घटना बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात की है। जानू मोबाइल दुकान वाड्रफनगर बस स्टैंड से लगभग 100 मीटर की दूरी पर सेंट्रल बैंक शाखा के पास स्थित है।
दुकान संचालक जानू कुशवाहा ने बताया कि धनतेरस और दीपावली को देखते हुए उन्होंने बिक्री के लिए बड़ा स्टॉक मंगवाया था। इसमें कई कंपनियों के महंगे मोबाइल और लैपटॉप शामिल थे। चोरों ने इसी स्टॉक को निशाना बनाया। चोरों ने बड़ी ही चालाकी से वारदात को अंजाम दिया। दुकान में घुसने के लिए उन्होंने ग्राइंडर मशीन से छत पर लगे लोहे के दरवाजे को काटा और फिर अंदर दाखिल हुए।
अंदर रखे सभी महंगे मोबाइल और लैपटॉप को बोरियों में भरकर ले गए। अपनी पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपित दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी साथ ले गए। गुरुवार सुबह जब दुकान संचालक जानू कुशवाहा दुकान खोलकर भीतर पहुंचा तो उसे मोबाइल के खाली डिब्बे बिखरे हुए मिले। छत का दरवाजा कटा हुआ देखकर उसे चोरी का शक हुआ।
जांच करने पर पता चला कि दुकान में रखा पूरा महंगा स्टॉक गायब है। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। खोजी कुत्ते ने घटनास्थल से कुछ दूर तक निशान का पीछा किया, लेकिन उसके बाद वह भटक गया।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। जिस तरीके से ग्राइंडर से दरवाजा काटकर चोरी की गई, उससे बाहरी पेशेवर चोर गिरोह के शामिल होने का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस ने घटना के बाद पूरे बलरामपुर जिले में नाकेबंदी कर दी थी। सूत्रों के अनुसार घटना के बाद राजपुर क्षेत्र के एक होटल के पास से कुछ संदिग्धों को पकड़ा गया है, हालांकि घटना में उनकी संलिप्तता है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।