
नईदुनिया न्यूज, बिश्रामपुर: लटोरी गांव के भंडारपारा में सोमवार शाम एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दरिमा थाना क्षेत्र के रकेली गांव निवासी पुष्पलता राजवाड़े (21) का विवाह वर्ष 2024 में लटोरी के भंडारपारा निवासी मनीष राजवाड़े के साथ हुआ था। सोमवार शाम वह अपने ससुराल में थी, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसकी हालत खराब होते देख स्वजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी लेकर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नवविवाहिता की अचानक हुई मौत को लेकर परिस्थितियां संदिग्ध बनी हुई हैं। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराने सहित मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
अचानक अस्वस्थ होना: सोमवार शाम ससुराल में 21 वर्षीय पुष्पलता की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
अस्पताल ले जाना: परिजन तुरंत उसे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी लेकर पहुंचे।
डॉक्टरों की पुष्टि: चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत महिला को मृत घोषित कर दिया।
जांच प्रक्रिया: पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।