यूपी से पहुंचे छत्तीसगढ़ के बलरामपुर और किसान को झांसा देकर साढ़े पांच लाख लेकर हो गए फरार, दो सगे भाइयों समेत तीन गिरफ्तार
बलरामपुर जिले के चौकी बरियों क्षेत्र में खेत समतलीकरण और नहर निर्माण में शासकीय अनुदान का झांसा देकर किसान से साढ़े पांच लाख रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
Publish Date: Mon, 11 May 2026 06:44:06 PM (IST)Updated Date: Mon, 11 May 2026 06:46:42 PM (IST)
गिरफ्तार तीनों आरोपित। नईदुनिया न्यूज,राजपुर। बलरामपुर जिले के चौकी बरियों क्षेत्र में खेत समतलीकरण और नहर निर्माण में शासकीय अनुदान का झांसा देकर किसान से साढ़े पांच लाख रुपये की ठगी करने वाले दो सगे भाइयों सहित तीन आरोपितों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपितों में बाराबंकी जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के नालापार दक्षिणी निवासी अंजूर खान (42) उसका भाई मंजूर खान (55) तथा अमीन खान (45) शामिल हैं।
सब्सिडी दिलाने की बात कही थी
पुलिस के अनुसार ग्राम बादा निवासी प्रेम साय ने चौकी बरियों में शिकायत दर्ज कराई थी कि सात अप्रैल 2026 को दो व्यक्ति पल्सर मोटरसाइकिल से उसके घर पहुंचे और शासकीय योजना के तहत खेत मरम्मत एवं नहर निर्माण कार्य में सब्सिडी दिलाने की बात कही।
आरोपितों ने खेत का निरीक्षण कर मोबाइल नंबर लिया और अगले दिन एक्सीवेटर मशीन लगाकर नहर निर्माण कार्य शुरू कर दिया। इस दौरान एक व्यक्ति स्वयं को मुंशी और दूसरा मैनेजर बताकर काम की निगरानी करता रहा।
बाद में पांच लाख रुपये की छूट मिल जाएगी
प्रार्थी के अनुसार आरोपितों ने भरोसा दिलाया कि शासन की योजना के तहत कार्य कराया जा रहा है और टेंडर पास कराने के लिए पांच लाख 50 हजार रुपये जमा करने होंगे, जिसमें बाद में पांच लाख रुपये की छूट मिल जाएगी। किसान को नहर निर्माण का कार्य जल्दी कराना था, इसलिए वह उनके झांसे में आ गया।
इसके बाद आरोपितों ने किसान को बरियों क्षेत्र में अपने कथित बड़े अधिकारी से मिलवाया। वहां एक कार में बैठे व्यक्ति ने स्वयं को अधिकारी बताते हुए सब्सिडी और टेंडर प्रक्रिया की जानकारी दी तथा रकम जमा करने को कहा।
अंबिकापुर में सेंट्रल बैंक ले जाकर निकलवाए रुपये
आरोपितों ने किसान को अंबिकापुर स्थित सेंट्रल बैंक ले जाकर चेक के माध्यम से पांच लाख 50 हजार रुपये निकलवाए और राशि अपने कब्जे में ले ली। रकम लेने के बाद आरोपित रसीद लाने की बात कहकर फरार हो गए। बाद में उनके मोबाइल नंबर बंद मिले और खेत में चल रहा एक्सीवेटर कार्य भी बंद कर मशीन गायब हो गई।
उत्तर देश के बाराबंकी जिले के फतेहपुर पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 318(2), 318(4), 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से आरोपितों की लोकेशन ट्रेस की और एक विशेष टीम उत्तर देश के बाराबंकी जिले के फतेहपुर क्षेत्र रवाना की गई।
पूछताछ में ठगी की वारदात स्वीकार कर ली
पुलिस टीम ने फतेहपुर थाना क्षेत्र के नालापार दक्षिणी निवासी अंजूर खान (42), अमीन खान (45 ) एवं मंजूर खान (55 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।