नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : हम 21वीं सदी में जी रहे हैं, जहां महिला-पुरुष समानता की बात कही जाती है। हमारे देश में महिलाओं को देवी का स्वरूप समझकर पूजा जाता है, लेकिन इसी समाज का एक काला चेहरा भी है, जहां महिलाओं से साथ हो रहे क्रुरताओं में कमी नहीं आ रही है। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम शारदापुर में महिला के साथ क्रूरता की गई। हाथ-पैर बांधकर महिला की बेरहमी से पिटाई की गई। गर्म चिमटे से उसके शरीर को जगह-जगह दागा गया।
इतना ही नहीं ससुराल वालों ने तो हैवानियत की हद पार कर दी है। महिला को पानी में चेहरा डूबा- डूबा कर उसके साथ मारपीट की गई। मायके पक्ष को जानकारी मिलने के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने शारदापुर निवासी पति आकाश तिवारी(30), ससुर हरिशंकर तिवारी (70) व सास तारावती तिवारी (65) को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पति वाड्रफनगर में कोचिंग संस्थान का संचालन करता है। वह वाड्रफनगर कॉलेज में संविदा के रूप में शिक्षकीय पद पर भी कार्यरत है। रघुनाथनगर थाना के ग्राम कमलपुर निवासी महिला का विवाह वर्ष 2016 में आकाश तिवारी से सामाजिक रीति रिवाज़ के साथ हुआ था। इनके दो संतान भी हैं।
आरोप है कि शादी के बाद से पति एवं ससुर हरिशंकर तिवारी तथा सास तारावती तिवारी द्वारा दहेज की बात को लेकर महिला को प्रताड़ित किया जा रहा था। इसकी शिकायत पूर्व में महिला ने रघुनाथनगर थाने में की थी। उस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने भविष्य में अच्छे से रखने और परेशान नहीं करने का झांसा देकर समझौता कर लिया था।
महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि वर्ष 2021 में पति ने एक अन्य महिला को बतौर पत्नी अंबिकापुर में साथ रखा है। उसकी एक डेढ़ वर्ष की बेटी भी है। बीते तीन जुलाई की रात इसी बात को लेकर महिला ने सास, ससुर एवं पति से विवाद करना शुरू कर दिया। पानी में डुबा-डुबा कर बेरहमी से मारपीट की। हाथ - पैर को गमछा व रस्सी से बांध कर लोहे के चिमटे को गैस चूल्हा से गर्म कर शरीर के कई हिस्सों को जला दिया।
गर्म चिमटा से जलाने के कारण महिला का चेहरा कुरूप हो गया है। शरीर के कई जगह गहरे चोट के निशान है। आरोप है कि 12 जुलाई तक महिला के हाथ पैर को रस्सी से बांधकर एक कमरे में रखा गया। इसी बीच महिला के पिता को किसी अन्य परिचित से घटना की जानकारी लगी। वे घरवालों को साथ लेकर बेटी के ससुराल पहुंचे। उसे अपने साथ गृहग्राम कमलपुर लेकर गए। वहीं पर उसका उपचार कराए।
यह भी पढ़ें: कलयुगी बहू! प्रेमी संग मिलकर ससुर को उतारा मौत के घाट, बाद में फैलाई झूठी कहानी
महिला द्वारा घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराए जाने पर त्रिकुण्डा पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक व्यास नारायण चुरेंद्र द्वारा टीम तैयार कर मामले में पीड़िता का सामुदायिक स्वस्थ्य केंद्र वाड्राफ़नगर से चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। चिकित्सक ने गंभीर चोट का उल्लेख किया है। पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।