
नारायणपुर। 17वीं लोकसभा आम निर्वाचन के लिए नारायणपुर जिले के सभी 125 मतदान केन्द्रों समेत नक्सल प्रभावित अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर बिना डर-भय के ग्रामीण मतदाता शांतिपूर्ण मतदान कर रहे है। चारों और से घने जंगलों-पहाड़ों से घिरे सोनपुर, कोकामेटा, कुरुषनार, आकाबेड़ा ओर आरेछा सहित अंदरुनी इलाकों के मतदान केंद्रों में भी खासे उत्साह के साथ कतारबद्ध होकर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे है। वहीं महिला मतदाता अपने-अपने नौनिहालों के लेकर घरो से निकल कर मतदान केंद्रों पर लाईन लगाकर अपनी बारी का इंतजार करती नजर आ रही है, सूरज की तपिश भी मतदाताओं की लंबी-लंबी लाईन को नहीं रोक पा रही।
महिला मतदाताओं ने बताया कि सवेरे-सवेरे सूरज की तपिश कम होती है। इसलिए वह अपना सब घरेलू काम छोड़कर लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी एवं लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपना कर्तव्य समझ कर मतदान करने आई है। सवेरे से मतदान के लिए लाईन लगनी शुरू हो गयी। तेज धूप में भी लोग अपनी बारी का इंतजार कर है। जिले के अधिकांश मतदान केन्द्रों पर पुरूषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की लंबी-लंबी लाईन देखने को मिली। वही बुर्जग महिला मतदाताओं की भी अच्छी खासी तादात मतदान केंद्रों पर देखी गई। कई केंद्रों पर युवाओं मतदाताओं ने पहले बुर्जुग मतदाताओं को मतदान करने के लिए मतदान कक्ष तक भेजा।