

माओवादी हिंसा के अंत के बाद बस्तर में यह पहली दीपावली थी, जब गांवों से लेकर कस्बों तक लोगों ने भयमुक्त माहौल में रोशनी का पर्व मनाया। इस बदली हुई तस्वीर का एक बड़ा संदेश करनपुर के सीआरपीएफ कैंप से भी सामने आया, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बस्तर के मोर्चे पर तैनात जवानों के बीच दीपावली मनाने पहुंचे।
कभी गोलियों की गूंज और बारूदी सुरंगों के खौफ से पहचाने जाने वाले बस्तर में यह बदलाव करीब चार दशक के संघर्ष के बाद आया है। इस दौरान आम नागरिकों ने अपनों को खोया, सुरक्षा बलों के जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया और विकास की राह बार-बार बाधित हुई।
माओवाद के खात्मे को राष्ट्रीय लक्ष्य बनाकर केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2026 की समय सीमा तय की। इसे हासिल करने में केंद्र और राज्य सरकार की साझा रणनीति, केंद्रीय सुरक्षा बलों और छत्तीसगढ़ पुलिस के समन्वित अभियान तथा स्थानीय स्तर पर सुरक्षा और विकास की पहुंच बढ़ाने के प्रयासों की अहम भूमिका रही।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 18 मई 2026 को भारत को माओवाद मुक्त घोषित किया। करनपुर में मोदी ने इस बदलाव को दशकों की लड़ाई की जीत बताते हुए जवानों के योगदान को नमन किया। बस्तर के उनके छह प्रमुख दौरे भी इस बदलाव की कहानी कहते हैं।
प्राकृतिक संपदा से समृद्धि की उम्मीद से शुरू हुआ सफर शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, आदिवासी कल्याण और आंतरिक सुरक्षा तक पहुंचा है।
7 नवंबर 2013 जगदलपुरः संसाधनों से समृद्धि की उम्मीद प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में मोदी ने बस्तर की प्राकृतिक संपदा और विकास की संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने 2013 से 2018 तक के पांच वर्षों को छत्तीसगढ़ के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
9 मई 2015 दंतेवाड़ाः बंदूक छोड़ हल थामने का संदेश प्रधानमंत्री बनने के बाद जावंगा एजुकेशन सिटी में बच्चों से संवाद किया। युवाओं से हिंसा छोड़कर शिक्षा, खेती और विकास से जुड़ने की अपील की।
14 अप्रैल 2018 जांगलाः गांवों तक सुविधाओं का विस्तार बीजापुर के जांगला में आयुष्मान भारत की शुरुआत के साथ स्वास्थ्य सेवाओं, बैंकिंग और डिजिटल कनेक्टिविटी पर जोर दिया। लक्ष्य अंदरूनी गांवों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना था।
3 अक्टूबर 2023 जगदलपुर-नगरनारः उद्योग और रोजगार नगरनार इस्पात संयंत्र राष्ट्र को समर्पित किया और करीब 27 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। स्थानीय लौह अयस्क, उद्योग और रोजगार को बस्तर की आर्थिक प्रगति से जोड़ा।
8 अप्रैल 2024 आमाबाल : आदिवासी कल्याण सभा में वन उपज का उचित मूल्य, वन धन केंद्र, एकलव्य विद्यालय और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। आदिवासी समाज की विकास में भागीदारी पर जोर दिया।
8 नवंबर 2026 करनपुर : माओवाद पर जीत का संदेश प्रधानमंत्री मोदी कोबरा परिचालन आधार पहुंचें। जवानों के साथ दीपावली मनाते हुए उन्होंने कहा कि यह पहली दीपावली है, जब देश का हर जिला माओवाद से मुक्त है। उन्होंने जवानों के बलिदान को याद किया और सड़क, मोबाइल नेटवर्क, शिक्षा तथा कौशल विकास को बस्तर के नए दौर की जरूरत बताया।
वर्ष 2001 से 2024 के बीच बस्तर संभाग में माओवादियों ने 1,623 नागरिकों की हत्या की, जबकि आइईडी विस्फोटों में 228 नागरिकों की जान गई। इसी अवधि में माओवादी हमलों में 1,292 सुरक्षाकर्मी बलिदान हुए।
माओवादी हिंसा के खात्मे को केंद्र सरकार अपनी बड़ी उपलब्धि बता रही है। अब चुनौती शांति को समृद्धि में बदलने की है। गांवों तक रोजगार, युवाओं को स्थानीय अवसर और आदिवासी समाज की आर्थिक भागीदारी ही बस्तर के नए दौर की सफलता तय करेगी।
यह भी पढ़ें- बस्तर में जवानों संग पीएम मोदी ने मनाई दीवाली, बोले- लाल आतंक के खात्मे के बाद यह पहला मौका