
नईदुनिया न्यूज, बेमेतरा। जिले में भीषण गर्मी के साथ-साथ राजनीतिक सरगर्मी भी उफान पर है। दो दिन पूर्व झिरिया-उसलापुर में हुई गौवंश की मृत्यु के विरोध में कांग्रेस द्वारा निकाली गई प्रतीकात्मक शव यात्रा और पुतला दहन के कार्यक्रम ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है।
दावों-प्रतिदावों के बीच अंततः चांदनी चौकी में 17 कांग्रेसियों के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता अजय उर्फ अंजू बघेल पिता दयाल दास बघेल की रिपोर्ट पर यह कार्रवाई की गई है।
शिकायतकर्ता अजय उर्फ अंजू बघेल पिता दयाल दास बघेल ने अपने लिखित आवेदन में उल्लेख किया है कि उनके पिता दयाल दास बघेल छत्तीसगढ़ शासन में कैबिनेट मंत्री हैं।
आरोपितों द्वारा उनके पिता की मृत्यु होने की झूठी अफवाह फैलाकर न केवल उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई, बल्कि इस कृत्य से उन्हें मानसिक आघात भी पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि इन हरकतों से उन्हें काफी दुख हुआ है, इसलिए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। अजय उर्फ अंजू बघेल के आवेदन के आधार पर चौकी चांदन में अपराध दर्ज किया गया है।

आशीष छाबड़ा, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि गौवंश की मौत के मामले में कांग्रेस का विरोध लगातार जारी रहेगा। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने में विश्वास रखती है। अपराध दर्ज होने की उन्हें परवाह नहीं है और विरोध आगे भी जारी रहेगा। वहीं इस मामले में चौकी प्रभारी दुलेश्वर चंद्रवंशी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
देवेंद्र यादव विधायक भिलाई, गुरु दयाल बंजारे पूर्व संसदीय सचिव, आरिफ बाटिया, प्रांजल तिवारी अध्यक्ष जिला युवा कांग्रेस, सनत घर दीवान, शक्ति धर दीवान, सतीश मारकंडे, अंजलि मारकंडे, देवेंद्र साहू, अरमान साहू, हर्ष बघेल, प्रिंस डेहरे, विजय यादव, दीपक दिनकर, विनोद तिवारी, मोंटू तिवारी, अजय सेन शामिल हैं।