
नईदुनिया प्रतिनिधि, बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के दाढ़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम घोरेघाट में मंगलवार की शाम को पारिवारिक विवाद के चलते देवर ने अपनी सगी भाभी और भतीजी की बांस के डंडे से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव की बस्ती की तरफ भाग निकला था, जिसे दाढ़ी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घोरेघाट निवासी नंदकुमार गंधर्व ने थाने में इस दोहरे हत्याकांड की रिपोर्ट दर्ज कराई है। नंदकुमार ने बताया कि 16 जून की शाम करीब 7 बजे जब वह दाढ़ी से अपने गांव लौट रहा था, तब उसने खेलन आडिल के घर के सामने हेमलाल आडिल को अपनी भतीजी सकुंतला आडिल को गालियां देते हुए बांस के डंडे से बुरी तरह पीटते देखा। उसने उसका सिर नाली के कीचड़ में दबा रखा था।
शिकायतकर्ता ने जब बीच-बचाव के लिए शोर मचाया, तो आरोपी डंडा लहराते हुए चिल्लाया कि ये लोग रोज उससे लड़ाई करते हैं और वह परिवार के किसी भी सदस्य को जिंदा नहीं छोड़ेगा। उसने चीखते हुए यह भी कुबूल किया कि वह दो लोगों को मार चुका है और अन्य को भी मार डालेगा। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गया। पास में ही सकुंतला और उसकी मां कुमारी बाई आडिल (50 वर्ष) लहूलुहान हालत में मृत पड़ी थीं।
पुलिस की टीम ने दबिश देकर आरोपी हेमलाल आडिल को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने पारिवारिक कलह के कारण हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।
आरोपी हेमलाल पहले भी गंभीर मामले में वर्ष 2016 में जेल जा चुका था। उसे न्यायालय द्वारा 10 वर्ष की कठोर सजा सुनाई गई थी और वह 8 साल की सजा काटकर वर्ष 2024 में ही जेल से छूटकर गांव वापस आया था। दाढ़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे 17 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।