कवर्धा (नईदुनिया न्यूज)। शुक्रवार को जिले सहित वनांचल क्षेत्रों में कृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। कवर्धा स्थित राधाकृष्ण बड़े मंदिर में भगवान राधाकृष्ण का विशेष श्रृंगार किया गया। वहीं मंदिरों सहित घरों में ठाकुरजी की पूजा अर्चना कर विशेष श्रृंगार किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्वालुओ ने दर्शन पूजन किए, वहीं नगर के प्राचीन मंदिर राम जानकी व कृष्ण मंदिर व घर-घर में कान्हा का जन्मोत्सव मनाया गया। घर-घर व मंदिरों में कृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल का अभिषेक पूजन कर आरती की गई। इस दौरान कृष्ण जन्म की खुशियां मनाई गई। जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों को रंग बिरंगी रोशनियों से सजाया गया था। शुक्रवार रात 12 बजे कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया और कान्हा को विभिन्न पकवानों का भोग अर्पित किया गया।
सबसे सुंदर मेरा कान्हा
जन्माष्टमी पर घर-घर भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। बाल स्वरूप लड्डू गोपाल का पंचामृत से अभिषेक कर पूजन किया। कान्हा को चमकीले और कलात्मक रूप से वस्त्र पहनाकर आभूषणों से सजाया गया। कान्हा सबसे सुंदर लगे इसको लेकर एक दिन पहले नगर के बाजारों में कान्हा के लिए वस्त्र, आभूषण, मुरली, मुकुट, मोरपंख, झूलो सहित कान्हा को सजाने संवारने के लिए विभिन्न सामग्रियों की खरीदारी हुईं। दुकानों पर सुबह से रात तक खरीदारी की भीड़ रही।
तैयार किए गए विशिष्ट पकवान
कृष्ण जन्मोत्सव को लेकर घर-घर में विशिष्ट प्रकार के पकवान तैयार किए गए। शुक्रवार को महिलाएं दिनभर पकवानों की तैयारी में जुटी रहीं। भगवान कृष्ण जन्मोत्सव को लेकर घरों में पंजरी, राजगीर के लड्डू, मिठाइयां सहित कई प्रकार के पकवान तैयार किए गए। वहीं शहर सहित ग्रामीण इलाकों में बड़ी धूमधाम से जन्माष्टमी का पर्व मनाया गया। जिले सहित वनांचल क्षेत्रो के मंदिरो में सार्वजनिक आयोजन हुआ।
मध्यरात्रि को हुआ महाआरती
राधाकृष्ण बड़े मंदिर के पुजारी ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्री राधाकृष्ण का महास्नान श्रृंगार व पूजन किया गया। अष्टमी की रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण जी की दूध, दही, घी, शहद, शरर्र्बत आदि से विधि-विधान पूर्वक स्नान पश्चात् रात्रि 12 बजे महाआरती की गई। तत्पश्चात श्रद्घालुओं को प्रसाद के रूप में मालपुवा व पंजरी वितरित किया गया। इसका वितरण आज भी जारी रहेगा। इस दौरान हजारो की संख्या मे उपस्थित रहे।दही लूटने आज निकलेंगे यादवो की टोलीः भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव पर यादव समाज की ओर से गोंविदा उत्सव का आयोजन किया गया है। इसमें यादवों की टोली शहर में दही-हांडी लूटने के लिए आज निकलेंगे। साथ ही दही हांडी लूट के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूद रहेगे।