
नईदुनिया प्रतिनिधि, बेमेतरा: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में महिला शिक्षकों ने स्कूल प्राचार्य पर मैटरनिटी लीव के एवज में 60 हजार रुपये मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। स्कूल में पदस्थ संविदा महिला शिक्षकों ने कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं से मुलाकात कर प्राचार्य जीआर चतुर्वेदी के खिलाफ लिखित शिकायत की है।
आरोप है कि रकम न देने पर प्राचार्य ने वेतन में कटौती करने और नौकरी से निकालने की धमकी दी। इसके साथ ही स्कूल में कार्यरत 16 महिला शिक्षकों से 10-10 हजार रुपये मांगे जाने और पैसे न देने पर गोपनीय प्रतिवेदन (सीआर) खराब करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
यह पूरा प्रकरण जिले के दाढ़ी स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल से जुड़ा है। शिकायतकर्ता महिला शिक्षकों का कहना है कि दबाव और वसूली की यह स्थिति केवल एक मामले तक सीमित नहीं है, बल्कि स्कूल की 16 अन्य महिला संविदा शिक्षकों पर भी दबाव बनाया जा रहा है।
सीआर बिगाड़ने व नौकरी से हटाने की धमकी: शिक्षकों के अनुसार, उनसे सीआर खराब करने और सेवा से बाहर निकलवाने की धमकी देकर 10-10 हजार रुपये की मांग की गई। कलेक्टर के समक्ष शिकायत पहुंचने के बाद मामले में जांच के निर्देश दिए गए हैं।
जिले के स्वामी आत्मानंद स्कूलों में पहले से ही शिक्षकों की कमी बताई जाती है। ऐसे हालात में दाढ़ी स्कूल के प्राचार्य पर संविदा महिला शिक्षकों को धमकाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोपों ने स्कूल की कार्यप्रणाली व व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
किसी संविदा शिक्षक ने नहीं ली मैटरनिटी लीव, आरोप निराधार: "मेरे कार्यकाल में संविदा टीचरों ने कोई मैटरनिटी लीव नहीं लिया है। रेगुलर टीचरों में जिन्होंने लीव लिया, उनका सेंक्शन कर दिया गया।" — जीआर चतुर्वेदी, प्रिंसिपल, आत्मानंद स्कूल दाढ़ी