बेमेतरा (नईदुनिया न्यूज)। बेमेतरा जिले के सभी 123 धान उपार्जन केंद्रों में किसानों से खरीदे गए धान को बेमौसम बारिश से बचाने के लिए तिरपाल और कैप कवर से ढंककर सुरक्षित कर लिया गया है। मौसम विभाग द्वारा पश्चिमी विक्षोप के कारण जिले के कुछ स्थानों पर बेमौसम बारिश हो रही है। इसके बाद कलेक्टर विलास भोसकर संदीपान ने खरीदी केंद्रों में रखे धान को भीगने से बचाकर सुरक्षित रखने के लिए सभी इंतजाम करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र प्रभारियों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को भी जिले में उपार्जन केंद्रों की सत्त मानिटरिंग करने के निर्देश भी दिए हैं। धान खरीदी से जुड़े सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा है। धान खरीदी, खरीदे गए धान की सुरक्षा, परिवहन या रख-रखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिले के सहकारी बैंक नोडल अधिकारी आरके वारे ने बताया कि बारिश की संभावना को देखते हुए सभी 102 समितियों में जरूरी व्यवस्थाएं पहले ही कर ली गई हैं। धान की समुचित स्टैकिंग कर ली गई है। खरीदी केंद्रों में पानी का भराव रोकने के लिए ड्रेनेज के इंतजाम किए गए हैं। धान में नमी का स्तर नियंत्रित रखने के लिए स्टैकिंग से पहले सबसे नीचे दो परत भूसे भरे बोरों की लगाई गई है। वारे ने बताया जिले के सभी 123 खरीदी केंद्रों में खरीदे गए पूरे धान को सुरक्षित कर लिया गया है। अब बीते साल की तरह अधिक मात्रा में धान के खराब होने की आशंका नहीं है।