
नईदुनिया प्रतिनिधि, बेमेतरा। कांग्रेस नेताओं के विवादित बयान थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले की नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव गुरुदयाल बंजारे ने विवादित बयान दिया है। हाल ही में एक सार्वजनिक सभा के दौरान दिए गए उनके विवादित बयान को लेकर जिला मुख्यालय के कोतवाली थाने में उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। 24 अक्टूबर को जिले के देवरा-बीजा में आयोजित एक राजनीतिक कार्यक्रम में विद्युत विभाग के कार्यालय का घेराव किया गया था।
इस विरोध प्रदर्शन के बाद एक आमसभा का भी आयोजन किया गया था। सभा को पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा और नवागढ़ के पूर्व विधायक गुरुदयाल बंजारे व अन्सय ने संबोधित किया था। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व संसदीय सचिव गुरुदयाल बंजारे अपने भाषण के दौरान काफी आक्रामक हो गए और उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें अंग्रेजों की औलाद तक कह दिया था। इसके साथ ही देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी कई ऐसी बातें कहीं गईं, जो राजनीतिक मर्यादा के दायरे से बाहर थीं।
यह पूरा मामला सामने आने के बाद सभा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। पिछले चार दिनों से यह वीडियो लगातार इंटरनेट मीडिया पर ट्रेंड कर रहा था और विभिन्न मंचों पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही थीं। वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी दल भाजपा के भीतर इसे लेकर गहरी नाराजगी थी।
हालांकि घटना के कुछ दिन तक स्थानीय स्तर पर चर्चाएं चलती रहीं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की जिला कोर कमेटी की बैठक होने के बाद यह तय किया गया कि इस मामले में कानूनी कदम उठाया जाना चाहिए। इसके बाद जिला भाजपा अध्यक्ष अजय साहू के नेतृत्व में पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ता सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन की वीडियो क्लिपिंग पुलिस के अधिकारियों को सौंपी।
जिला भाजपा अध्यक्ष अजय साहू के साथ पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए मांग की कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने और देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले नेता के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। इसके बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल कोतवाली बेमेतरा पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने वीडियो साक्ष्यों और दस्तावेजों की प्राथमिक जांच की। पूर्व संसदीय सचिव गुरुदयाल बंजारे के खिलाफ बीएनएस की धारा 353(2) के तहत औपचारिक रूप से अपराध दर्ज कर लिया गया है।