
नईदुनिया न्यूज, बेमेतरा। बेमेतरा थाना क्षेत्र के बालसमुंद के पास स्थित ग्राम राऊरपुर में रविवार को पुराने कच्चे मकान की जर्जर दीवार गिरने से दो सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि उनकी बुआ गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बारिश से जर्जर हुई दीवार बनी काल
जानकारी के अनुसार, ग्राम राऊरपुर निवासी चंद्रप्रकाश कोसले ने हाल ही में नया मकान बनवाया था, लेकिन पुराने घर की करीब सात से आठ फीट ऊंची कच्ची ईंट की दीवार अब तक नहीं हटाई गई थी। रविवार सुबह शशिकला (35) दीवार के पास बर्तन साफ कर रही थीं। इसी दौरान चंद्रप्रकाश की बेटियां वंशिका (9) और राधिका (7) खाना खाने के बाद हाथ धोने के लिए वहां पहुंचीं। तभी पुरानी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले हुई तेज बारिश के कारण दीवार कमजोर हो गई थी।
मलबे में दबने से दोनों बच्चियों की मौत
दीवार गिरते ही दोनों बच्चियां और उनकी बुआ मलबे में दब गईं। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों बच्चियों की मौत हो चुकी थी। घायल शशिकला को जिला अस्पताल बेमेतरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया। उनका उपचार जारी है।
रायपुर से लौटे माता-पिता
घटना की सूचना मिलते ही बेमेतरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों बच्चियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। मृत बच्चियों के पिता चंद्रप्रकाश कोसले और उनकी पत्नी रायपुर में मजदूरी करते हैं। सूचना मिलने के बाद दोनों गांव पहुंचे। एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आर्थिक सहायता के निर्देश
एसडीएम बेमेतरा प्रकाश भारद्वाज ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरबीसी 6-4 के तहत प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मृतक बच्चियों के स्वजन को जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
यह भी पढ़ें- इंस्टाग्राम पर डॉक्टर बनकर की दोस्ती, फिर गिफ्ट के नाम पर महिला से की ₹3.23 लाख की ठगी, केस दर्ज