
भिलाई। भिलाई में डेंगू से एक और युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम दुष्यंत मारकंडे (21) पुत्र नेनलाल मारकंडे निवासी बापू नगर खुर्सीपार बताया गया है। पीड़ित को बीते शुक्रवार से रायपुर स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती था। हालत बिगड़ने पर उसे रायपुर के ही नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां रविवार दोपहर तीन बजे उसने दम तोड़ दिया। इस संबंध में अभी परिजनों को भी सूचना नहीं दी गई है।
दुष्यंत की मौत के साथ भिलाई में डेंगू से मरने वालों की संख्या 21 हो गई। 31 जुलाई से भिलाई में डेंगू से मौत का कहर चल रहा है। इन 20 दिनों में 21 मौतों से प्रशासन भी सकते में है।
इधर डेंगू पर नियंत्रण के लिए दिल्ली, रायपुर व जबलपुर एम्स की टीम के साथ राज्य व जिले का स्वास्थ्य विभाग व निगम और जिला प्रशासन का महकमा लगा हुआ है, इसके बावजूद हालात अब भी बेकाबू है।