
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में रंग का विवाद रक्तरंजित हो गया। आगामी मोहर्रम पर्व की तैयारियों के दौरान रंग-रोगन को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सेक्टर-6 स्थित शेरे इस्लाम अखाड़ा सड़क-35 की इमामबाड़ा समिति के एक सदस्य पर उसके ही साथी ने कटर से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इमामबाड़ा समिति के सदस्य मोहम्मद इजहार खान ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि वे आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनजर इमामबाड़ा की दीवारों पर रंग-रोगन के कार्य के लिए रविवार सुबह करीब 9:20 बजे इमामबाड़ा मैदान के पास समिति के अन्य सदस्य वसीम परवेज उर्फ राजा के साथ बातचीत कर रहे थे।दोनो के बीच दीवारों पर किए जाने वाले पेंट के शेड को लेकर मतभेद पैदा हो गया।
पीड़ित इजहार खान चाहते थे कि इमामबाड़ा की दीवारों पर 'लाइट ग्रीन' (हल्का हरा) रंग कराया जाए। इसके विपरीत, आरोपी वसीम परवेज 'डार्क ग्रीन' (गहरा हरा) रंग कराने की जिद पर अड़ गया। देखते ही देखते यह साधारण सी बहस गाली-गलौज और गंभीर विवाद में बदल गई। विवाद के दौरान गुस्साए आरोपी वसीम परवेज ने इजहार खान को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने अचानक अपने पास रखे कटर से इजहार पर हमला कर दिया। इस घातक हमले में कटर सीधे इजहार के पेट के बाईं तरफ जा लगा, जिससे गहरा घाव हो गया और काफी खून बहने लगा। हमले के दौरान उनके बाएं गाल पर भी चोटें आईं।
हमले के बाद लहूलुहान इजहार खान ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद उन्होंने तुरंत अपने परिचितों गंभीर रजक और तहसीन रज्जाक को सूचना दी। दोनों मित्र आनन-फानन में घायल इजहार को उपचार के लिए सुपेला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी वसीम परवेज के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।