भिलाई में इंजीनियरिंग कॉलेज की फीस देने बुजुर्ग महिला से सोने की चेन छीनी, बीटेक के छात्र व छात्रा गिरफ्तार
भिलाई के नेहरू नगर निवासी बासठ वर्षीय वृद्धा गीता देवी के साथ चैन स्नेचिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। रविवार सुबह शिवाजी पार्क के पास स्कूटी सवार द...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 22 Sep 2026 07:48:05 PM (IST)Updated Date: Tue, 22 Sep 2026 07:50:14 PM (IST)
पुलिस की गिरफ्त में चेन छीनने के आरोपी। - पुलिसHighLights
- भिलाई में रास्ता पूछने के नाम पर वृद्धा से सोने की चेन लूटी
- बातों में उलझाकर बीटेक के छात्र ने दिया वारदात को अंजाम
- पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों को पकड़ा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर में बीटेक के छात्र और छात्रा को पुलिस ने सोने की चेन छीनने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की फीस चुकाने के लिए दोनों ने अपराध को अंजाम दिया है।
पुलिस ने बताया कि नेहरू नगर स्थित विद्या विहार कॉलोनी की रहने वाली 62 वर्षीय वृद्धा गीता देवी के साथ चैन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया गया। प्रार्थी महिला का स्वास्थ्य ठीक नहीं रहने के कारण वह अधिकांश समय घर पर ही रहती हैं और सुबह-शाम नियमित रूप से टहलने जाती हैं। रविवार की सुबह करीब छह बजे वह शिवाजी पार्क की तरफ टहलने के लिए निकली थीं। उसी समय उनकी चैन छीन ली गई।
बातों में उलझाकर मारी झपट्टा
सुबह लगभग छह बजकर बीस मिनट पर जब वृद्धा पार्क के पास सफेद फूल के पौधे से फूल तोड़ रही थीं, तब वहां एक स्कूटी पर सवार होकर दोनों पहुंचे। मुख्य आरोपी विक्की नायक ने अपना मुंह गमछे से बांध रखा था और उसने स्कूटी कुछ दूरी पर खड़ी की थी। आरोपी ने वृद्धा के पास आकर प्रदीप मिश्रा का घर पूछने के बहाने बातचीत शुरू कर दी। जब वृद्धा ने जानकारी न होने की बात कही, तो आरोपी ने उन्हें बातों में उलझा लिया और मौका पाकर उनके गले से डेढ़ तोला वजनी सोने की चेन झपट ली।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी स्कूटी पर सवार होकर मौके से फरार हो गए थे। पीड़िता के बेटे की शिकायत पर सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने मुख्य आरोपी विक्की नायक और उसकी साथी तरूणा सिन्हा को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन का हिस्सा और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली है, तथा दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।