
नईदुनिया प्रतिनिधि,भिलाई। जयंती स्टेडियम सिविक सेंटर भिलाई में चल रही शिवमहापुराण कथा के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत संदिग्ध रूप से घूम रहे महिलाओं के एक समूह को चिन्हित कर पूछताछ की। संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने सात महिलाओं को थाना भिलाई नगर लाकर पूछताछ एवं पहचान संबंधी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
थाना भिलाई नगर क्षेत्र के जयंती स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार सुरक्षा निगरानी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को कथा पंडाल में महिलाओं का एक समूह संदिग्ध रूप से घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उन्हें चिन्हित कर पूछताछ की। संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के मद्देनजर सात महिलाओं को थाना लाया गया। सभी के विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
इनमें रीना (35), अनीता देवी (22), सोनाली उर्फ शीला (45), जाह्नवी देवी (22) और गीता देवी (37) सभी निवासी ग्राम खड्डा, थाना सिवान, जिला रीवा, मध्य प्रदेश शामिल हैं। इसके अलावा संगीता (25) और नैना (20) दोनों निवासी ग्राम समकलपुर थाना पिपराइच, जिला गोरखपुर, उत्तर प्रदेश के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में किसी अपराध के घटित होने की पुष्टि नहीं हुई है और न ही कोई सामग्री जब्त की गई है। कार्रवाई का उद्देश्य कथा स्थल पर संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना है।