
नईदुनिया न्यूज, रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल अंतर्गत भिलाई स्थित वैगन मेंटेनेंस के प्रमुख पीपी (पद्मनाभपुर) यार्ड में गुरुवार देर शाम केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने अचानक दबिश दी।
वरिष्ठ विभागीय अधिकारी द्वारा ठेकेदारों के बिल पास करने के एवज में मोटी रिश्वत मांगने की शिकायत पर यह कार्रवाई की जा रही है। देर रात तक सीबीआई के 10 से 12 अधिकारियों की टीम सीनियर डीएमई अनमोल उईके के चेंबर में दस्तावेजों को खंगालने और पूछताछ में जुटी रही।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बिल भुगतान को लेकर एक ठेकेदार ने सीधे सीबीआई से शिकायत दर्ज कराई थी।
इसके बाद नई दिल्ली से सीबीआई की विशेष टीम निजी वाहनों (DL नंबर) से सीधे भिलाई पहुंची। स्थानीय स्तर पर जांच को सहयोग देने के लिए रायपुर (CG 04) और दुर्ग (CG 07) पासिंग की गाड़ियों में भी अफसर मौके पर पहुंचे।
कार्रवाई इतनी गोपनीय रखी गई कि पीपी यार्ड के मुख्य गेट को बंद कर दिया गया और किसी भी रेल अधिकारी या कर्मचारी को भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गई। जिस वक्त दबिश दी गई, उस समय दफ्तर में बिल और मेंटेनेंस से जुड़ी फाइलें मौजूद थीं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस बात का खुलासा नहीं हो सका है कि रिश्वत की रकम बरामद हुई है या नहीं।