
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के सुंदरनगर निवासी डा. नमिता मित्तल के घर हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के राजपुर निवासी आरोपित सोनू जायसवाल के घर से पुलिस ने करीब 200 ग्राम सोने का गला डल्ला बरामद किया है। इससे पहले भी पुलिस आरोपित के कब्जे से सोने के दो कंगन जब्त कर चुकी है।
जानकारी के अनुसार डॉ. नमिता 17 अक्टूबर को परिवार के साथ घर में ताला लगाकर एक सप्ताह के लिए बाहर गई थीं। 23 अक्टूबर को जब वे वापस लौटीं, तो घर की आलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखी नकदी व कीमती जेवरात गायब थे। चोर करीब 47 लाख 64 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात सहित लगभग एक करोड़ रुपये की संपत्ति ले गए थे। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
इस मामले में पुलिस अब तक आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें उत्तर प्रदेश के भदोही जिले का आरोपित प्रदीप कुमार चौधरी और चोरी के जेवर खरीदने वाला ज्वेलर्स सोनू जायसवाल भी शामिल है।
पुलिस ने सोनू जायसवाल (37) निवासी राजपुर, जिला भदोही (उत्तर प्रदेश) को 30 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से पहले ही सोने के दो कंगन बरामद किए जा चुके थे।
चोरी गए सोने की शेष बरामदगी के लिए पुलिस आरोपित से लगातार पूछताछ कर रही थी। पूछताछ में उसने करीब 200 ग्राम सोना भदोही स्थित अपने घर में छिपाकर रखना बताया। इसके बाद उसे 17 से 23 नवंबर तक माल बरामदगी के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया।
17 नवंबर को पुलिस टीम आरोपित को लेकर उत्तर प्रदेश रवाना हुई। 18 नवंबर को वाराणसी पहुंचने के बाद टीम ने उसकी निशानदेही पर भदोही जिले के राजपुर स्थित घर की तलाशी ली। इस दौरान वहां छिपाकर रखा गया करीब 200 ग्राम वजन का सोने का गला डल्ला बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस टीम आरोपित और जब्त सोने के साथ 19 नवंबर को वैशाली नगर थाना लौट आई।