कुम्हारी में अवैध गुटखा फैक्ट्री पर जीएसटी की दबिश, दो मशीन और 30 बोरा गुटखा जब्त
रायपुर के कुम्हारी क्षेत्र में सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने एक अवैध गुटखा निर्माण इकाई पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान अधिकारियों न...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 20 Sep 2026 05:52:32 PM (IST)Updated Date: Sun, 20 Sep 2026 05:54:43 PM (IST)
कारखाने से जब्त किया गया गुटखा। - एजेंसीHighLights
- बिना किसी वैध अनुमति के हो रहा था निर्माण
- जीएसटी की टीम ने सूचना के आधार पर की कार्रवाई
- निर्माणस्थल से बड़ी मात्रा में अवैध गुटखा जब्त
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने भिलाई के कुम्हारी मे बड़ी कार्रवाई की। टीम ने अवैध तरीके से बनाए जा रहे गुटखा की फैक्ट्री पर दबिश दी और बड़ी संख्या में अवैध गुटखा जब्त किया। इससे पहले विभाग की टीम तीन वाहनों में सवार होकर कुम्हारी क्षेत्र में स्थित इस अवैध गुटखा फैक्ट्री पर पहुंची। कार्रवाई से स्थानीय कारोबारियों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर फैक्ट्री के ताले खुलवाए और अंदर चल रहे अवैध निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि बिना किसी वैध अनुमति और टैक्स चुकाए बड़े पैमाने पर गुटखा तैयार किया जा रहा था। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली दो बड़ी मशीनों और लगभग 30 बोरा तैयार गुटखा को अपने कब्जे में ले लिया। सभी जब्त सामग्रियों को वाहनों में लादकर रायपुर स्थित कार्यालय लाया गया है।
दस्तावेजों की छानबीन जारी
फैक्ट्री के अंदर मौजूद स्टॉक रजिस्टर, बिल बुक और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस अवैध इकाई के जरिए पिछले लंबे समय से टैक्स चोरी की जा रही थी। हालांकि, सेंट्रल जीएसटी की टीम ने फिलहाल स्थानीय स्तर पर आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
पहले भी भिलाई में मिली है करोड़ों की कर चोरी
इससे पहले भी विभाग को भिलाई में अवैध गुटखा कारोबार से करोड़ों की चोरी का पता चला है। प्रदेश में अवैध गुटखा का व्यापार रोजाना करोड़ों का बताया जाता है।