
नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के अंतर्गत आने वाले शहरी निकायों में मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही एक बड़ी प्रशासनिक लापरवाही उजागर हुई है। नगर पालिक निगम भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा की नई मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी पाई गई है।
हजारों मतदाताओं के नाम उनके सही वार्डों के बजाए दूसरे वार्डों में दर्ज कर दिए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने इन गलतियों को संज्ञान में लिया है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने 15 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, नगर निगम भिलाई के कुल 70 वार्डों में से 42 वार्डों के 11,339 मतदाताओं के नाम उनके नियत वार्डों की बजाय अन्य वार्डों में दर्ज मिले हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह ने इस चूक को गंभीरता से लेते हुए सात प्रमुख रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे आगामी तीन दिनों के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
केवल भिलाई ही नहीं, बल्कि रिसाली और चरोदा नगर निगमों की सूचियों का हाल भी बेहाल है। नगर निगम रिसाली के 40 में से 12 वार्डों के 24,709 मतदाताओं के नाम गलत वार्डों में चढ़ गए हैं, जिसके लिए चार अधिकारियों को शोकाज नोटिस दिया गया है। इसी प्रकार, भिलाई-चरोदा निगम के 40 में से 16 वार्डों के 1,204 मतदाताओं के नाम भी गलत जगह दर्ज पाए गए, जिस पर चार अन्य अधिकारियों पर गाज गिरी है। इस प्रकार कुल 15 अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यदि तीन दिनों के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो संबंधित लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक प्रकाशन के बाद बीएलओ और राजनीतिक दलों की शिकायतों पर यह पोल खुली है, जिससे निर्वाचन कार्यों की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।