भाजपा नेता को धमकी देकर जो करना है कर ले कहने वाले जनपद पंचायत दुर्ग के सीईओ निलंबित
सुशासन तिहार में भाजपा नेता और जनपद पंचायत दुर्ग के सीईओ रूपेश पाण्डेय के बीच हुई बहस और धमकी देने के आरोप में प्रशासन ने कार्रवाई की है। दुर्ग के संभायुक्त ने सीईओ को निलंबित कर दिया है। इधर, निलंबित सीईओ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात के बाद राजनीति भी गर्म हो गई है।
By Paritosh DubeyEdited By: Paritosh Dubey
Publish Date: Tue, 02 Jun 2026 08:16:36 AM (IST)Updated Date: Tue, 02 Jun 2026 08:16:36 AM (IST)
रुपेश पाण्डेय। इंटरनेट मीडिया नईदुनिया प्रतिनिधि,दुर्ग।
ग्राम थनौद में सुशासन तिहार के दौरान अंजोरा निकुम भाजपा मंडल के महामंत्री पुराण देशमुख के साथ अशिष्ट व्यवहार के आरोपी जनपद पंचायत दुर्ग के सीईओ रूपेश पाण्डेय को दुर्ग संभागायुक्त ने निलंबित कर दिया है। जिला पंचायत दुर्ग के प्रभारी सहायक परियोजना अधिकारी महेन्द्र कुमार जांगड़े को सीईओ जनपद पंचायत दुर्ग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
सुशासन तिहार पर लगाए गए शिविर में गांव के पूर्व सरपंच किरण देशमुख के पति व अंजोरा निकुम भाजपा मंडल के महामंत्री पुराण देशमुख अपनी समस्या लेकर गए थे।
भवन निर्माण के भुगतान पर मांगी थी जानकारी
गांव में पूर्व में निर्मित सामुदायिक भवन निर्माण और भुगतान को लेकर विवाद चल रहा है। पुराण देखमुख उक्त सामुदायिक भवन निर्माण की राशि भुगतान के संबंध में सीईओ से जानकारी मांग रहे थे। इस विषय को लेकर सीईओ रूपेश पांडेय और पुराण देशमुख के बीच चल रही चर्चा बहस में तब्दील हो गई।
भाजपा विधायक की मौजूदगी में हुआ विवाद
भाजपा नेता कहने लगे कि वे जानकारी लेने आए हैं इतने में सीईओ रूपेश पांडेय भाजपा नेता पर भड़क गए और अंगुली दिखाकर कहने लगे तेरे को जो करना है कर ले। इस दौरान मौके पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर चुपचाप खड़े रहे उन्होंने किसी से भी कुछ नहीं कहा। विवाद का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित होने के बाद लोग घटना के दौरान विधायक की चुप्पी को लेकर सवाल उठाने लगे। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर दुर्ग ने दुर्ग संभागायुक्त के समक्ष कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा।
जवाब संतोषजनक नहीं होने पर कार्रवाई
प्रस्ताव में यह उल्लेख किया गया कि थनौद में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर के दौरान जनपद सीईओ दुर्ग रूपेश पांडेय द्वारा आम जनता से गलत व्यवहार किया गया। शिविर में कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही एवं आम जनता से अशिष्टता पूर्वक व्यवहार के संबंध में सीईओ रूपेश पांडेय को 30 मई को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। उनके द्वारा प्रस्तुत जवाब समाधानकारक नहीं पाया गया। प्रतिवेदन पर दुर्ग संभागायुक्त ने सीईओ रूपेश पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
वसूली राशि को रफा-दफा करने दबाव
वहीं निलंबित सीईओ रूपेश पांडेय ने कार्रवाई को राजनीति व दबाव से प्रेरित होना बताया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जिस व्यक्ति( पुराण देशमुख) से मेरा विवाद हुआ वह भाजपा का पदाधिकारी है। उसकी पत्नी वर्ष 2015 से 2020 तक सरपंच थीं और उनके खिलाफ 2,40105 रुपये की सरकारी राशि की वसूली का मामला वर्ष 2021 से एसडीएम न्यायालय में लंबित है। रूपेश पांडे ने सोमवार को दुर्ग प्रवास पर आए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी मुलाकात की। इसके बाद क्षेत्र में राजनीति भी गर्म हो गई है।