भिलाई में पता पूछने के बहाने बुजुर्गों से चेन लूटने वाले गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार
भिलाई में पता पूछने के बहाने बुजुर्गों से सोने की चेन लूटने वाले गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पुरानी भिलाई पुलिस और एसीसीयू ने आरोपियों से उन्नीस ग्राम गलाया सोना तथा दो वाहन जब्त किए। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने दो अलग वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। अब पुलिस इनसे अन्य मामलों की पड़ताल करेगी।
Publish Date: Sat, 24 Oct 2026 02:51:50 PM (IST)Updated Date: Sat, 24 Oct 2026 02:54:03 PM (IST)
पुलिस की गिरफ्त में चेन स्नेचिंग गिरोह के आरोपी। - पुलिसHighLights
- पता पूछने के बहाने चेन लूटने वाले गिरफ्तार
- आरोपियों से उन्नीस ग्राम गलाया हुआ सोना जब्त
- पूछताछ में चेन लूट की दो घटनाएं खुलीं
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में राह चलते बुजुर्गों और महिलाओं को पता पूछने के बहाने अपना शिकार बनाने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। भिलाई-तीन और आसपास के इलाकों में चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले चार शातिर आरोपियों को पुरानी भिलाई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 19 ग्राम 410 मिलीग्राम गलाया हुआ सोना और वारदात में प्रयुक्त दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इस गिरोह के पकड़े जाने से क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय चेन स्नेचरों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
पता पूछने के बहाने बनाते थे शिकार
पुलिस से प्राप्त विवरण के अनुसार, यह गिरोह मुख्य रूप से ऐसे बुजुर्गों और महिलाओं की रेकी करता था जो सड़क पर अकेले या असहाय स्थिति में हों। 8 अक्टूबर 2026 को पद्मनगर निवासी 75 वर्षीय एस. मुरली मनोहर अपनी पत्नी माधवी के साथ शिव मंदिर के समीप स्थित एक कपड़े की दुकान से पैदल लौट रहे थे। इसी दौरान दोपहिया सवार अज्ञात बदमाशों ने उनसे रास्ता पूछने के बहाने वाहन रोका। जैसे ही बुजुर्ग दंपत्ति उनका मार्गदर्शन करने लगे, आरोपियों ने झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन लूट ली और तेजी से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुरानी भिलाई थाने में मामला दर्ज कर तलाश शुरू की गई थी।
जनवरी की पुरानी वारदात का भी हुआ पर्दाफाश
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसीसीयू और स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने न केवल पद्मनगर की घटना स्वीकार की बल्कि एक अन्य पुरानी वारदात का भी खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि 13 जनवरी 2026 को इंदिरा नगर में परमेश्वरी भवन के पास उन्होंने 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला सावित्री को इसी तरह अपना निशाना बनाकर उनके गले से सोने की चेन छीनी थी।
चार शातिर बदमाश गिरफ्तार, गलाया सोना जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सूरज बढ़ाईक, लक्ष्मण साहू, कुलदीप सिंह और दीप सिंह उर्फ दीपक के रूप में की है। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर छीनी गई चेन को गलाकर बनाया गया 19 ग्राम 410 मिलीग्राम सोना बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की गई एक होंडा एक्टिवा और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी लूट के तुरंत बाद जेवरों को गला देते थे ताकि उनकी पहचान न हो सके। पुलिस अब इस बात की छानबीन कर रही है कि इन आरोपियों ने सोने को कहां खपाने की योजना बनाई थी और क्या क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई अन्य स्नैचिंग की वारदातों में भी इनका हाथ है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सुनसान रास्तों पर अनजान व्यक्तियों से बातचीत करते समय पूरी सतर्कता बरतें।