
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र से पुलिस ने मंगलवार को एक बांग्लादेशी पुरुष व महिला को अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से भारत में असली पहचान छिपाकर फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रहे थे।
पिछले 6-7 महीनों से छावनी के कैंप-2 क्षेत्र में एक किराए के मकान में साथ रह रहे थे। छावनी पुलिस ने विदेशी अधिनियम, भारतीय पासपोर्ट अधिनियम और बीएनएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई की है।
आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम मोहम्मद अली शेख निवासी बुधाखली, जिला दक्षिण 24 परगना (प. बंगाल) बताया है। महिला ने अपना नाम साथी शेख, संदेशखली, दक्षिण 24 परगना बताया। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान दोनों ने फर्जी नामों से पहचान पत्र बनवा रखे थे। दस्तावेजी जांच और मोबाइल डेटा विश्लेषण से उनकी असली पहचान उजागर हो गई।
महिला की पहचान साथी खातून सरदार, निवासी माटीकुमरा, जिला जेस्सोर, बांग्लादेश के रूप में हुई है। वह 2014 में अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई। अपने मामा अब्दुल रौब की मदद से भारतीय नागरिकता के फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए। वह करीब 7-8 महीने से छावनी के कैंप क्षेत्र में रह रही थी। बांग्लादेशी रिश्तेदारों से इंटरनेट कॉल के माध्यम से लगातार संपर्क में थी।
छावनी पुलिस की जांच में दोनों के पास से बांग्लादेश की नागरिकता दर्शाने वाले दस्तावेज, बांग्लादेशी पासपोर्ट, जन्म प्रमाण पत्र, फोटो परिचय पत्र और ग्रामीण बैंक के कागजात बरामद किए हैं। महिला व पुरुष दोनों के मोबाइल डेटा से भी यह पुष्टि हुई कि वे अपने रिश्तेदारों के संपर्क में थे।
इस मामले में पुलिस उन लोगों की भी पहचान कर रही है, जिन्होंने इन दोनों बांग्लादेशी नागरिकों को भारत में रहने, दस्तावेज बनवाने और मकान उपलब्ध कराने में मदद की। पुलिस ने कहा कि उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला छत्तीसगढ़ में बढ़ती अवैध घुसपैठ की चिंताओं को और पुख्ता करता है। दुर्ग जिले में विशेष कार्य बल (STF) का गठन कर बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों की पहचान और निष्कासन की कार्रवाई की जा रही है। अब तक 7 बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। यह संख्या लगातार बढ़ रही है।