भिलाई के आत्मानंद स्कूल में छात्राएं बनी मास हिस्टेरिया का शिकार, एक के बाद एक हो रहीं बेहोश
भिलाई के स्वामी आत्मानंद स्कूल में लगातार तीन दिनों से छात्राओं के अचानक बेहोश होने का मामला सामने आया है। अब तक कुल आठ छात्राएं इस अजीब स्थिति से गुजर चुकी हैं।
Publish Date: Wed, 15 Jul 2026 10:03:12 AM (IST)Updated Date: Wed, 15 Jul 2026 10:16:47 AM (IST)
छात्रा की मेडिकल जांच करते चिकित्सक। स्कूल नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। खम्हरिया स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में इन दिनों पढ़ाई से ज्यादा चर्चा छात्राओं की रहस्यमयी बीमारी की है। कक्षा नवमीं व 11 वीं की छात्राओं के साथ जो घट रहा है, उसने न केवल अभिभावकों को बल्कि स्कूल प्रबंधन और प्रशासन को भी सकते में डाल दिया है। पिछले कुछ दिनों में आठ छात्राएं एक के बाद एक अजीब तरह से बीमार पड़ीं, जिससे स्कूल परिसर में दहशत का माहौल बन गया है।
मामला सोमवार से चर्चा में आया, जब तीन छात्राएं अचानक चीखने-चिल्लाने लगीं। उनके हाथ-पैर अकड़ गए और आंखों से आंसू बहने लगे। कुछ ही देर में वे बेहोश होकर गिर पड़ीं। स्कूल प्रबंधन ने बिना देरी किए उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां कुछ घंटों की निगरानी के बाद वे सामान्य हो गईं। मेडिकल रिपोर्ट में भी कुछ खास नहीं मिला। यह कोई इकलौती घटना नहीं थी। इससे पहले 9 जुलाई को पांच और 11 जुलाई को तीन छात्राओं के साथ ठीक वैसा ही हुआ।
स्कूल भेजी गई मेडिकल टीम
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तुरंत संज्ञान लिया और जिला अस्पताल दुर्ग के विशेषज्ञ डॉक्टर बालमुकुंद नेताम और डॉक्टर रानू नायडू को स्कूल भेजा। डॉक्टरों ने जब छात्राओं का परीक्षण किया, तो उन्होंने इसे मास हिस्टीरिया और शारीरिक कमजोरी का परिणाम बताया। प्राचार्य सुषमा दीवान ने बताया कि छात्राओं के स्वास्थ्य में सुधार है, लेकिन घटनाओं की पुनरावृत्ति चिंताजनक है।
काउंसिलिंग कराएगा शिक्षा विभाग
अब डीईओ कार्यालय ने भी कमर कस ली है। छात्राओं की मेडिकल जांच के साथ्ह ही काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं । फिलहाल, स्वामी आत्मानंद स्कूल में स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरी सतर्कता बरत रही है।
मास साइकोजेनिक इलनेस के संकेत
इस तरह की घटनाओं को चिकित्सा विज्ञान में मास साइकोजेनिक इलनेस (MPI) कहा जाता है। यह एक मनोवैज्ञानिक स्थिति है, जो तनावपूर्ण वातावरण में एक व्यक्ति से दूसरे में तेजी से फैलती है। यह किशोरावस्था की लड़कियों में ज्यादा देखी जाती है, जहां शैक्षणिक दबाव या भावनात्मक तनाव एक ट्रिगर का काम करता है। इसमें चक्कर आना, बेहोशी, सांस लेने में तकलीफ या घबराहट जैसे लक्षण बिना किसी जैविक बीमारी के दिखाई देते हैं।समाधान परामर्श (काउंसलिंग), तनाव कम करना और शांत वातावरण को बताया जाता है।