
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई की महापौर परिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता और आयुक्त सुरुचि सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में प्रशासनिक व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में एमआईसी सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, संदीप निरंकारी, आदित्य सिंह, लालचंद वर्मा, साकेत चंद्राकर, केशव चौबे, एकांश बंछोर और नेहा साहू सहित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वाहन शाखा में अस्थायी वाहन चालक और हेल्पर उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके तहत उच्च कुशल, कुशल और अर्द्धकुशल चालक और हेल्पर रखे जाएंगे। इसके लिए 1 करोड़ 77 लाख 54 हजार 790 रुपये की लागत तय की गई है। सलाहकार समिति की अनुशंसा के बाद जेम पोर्टल के माध्यम से निविदा आमंत्रित करने का प्रस्ताव रखा गया था। स्वीकृति मिलने के बाद निगम के विभिन्न विभागों में वाहनों के संचालन के लिए जरूरी मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा, जिससे सफाई, परिवहन और अन्य नागरिक सुविधाओं के काम में आसानी होगी।
परिषद ने वार्ड क्रमांक 33 संतोषीपारा शर्मा कॉलोनी में अधोसंरचना मद के वित्तीय वर्ष 2024-25 के डोम शेड निर्माण कार्य की बची हुई राशि से संतोषीपारा स्थित कैंपेश्वर बैजनाथ धाम के पास एक अन्य डोम शेड निर्माण की अनुमति दी। इससे क्षेत्र में सामाजिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका के एक पद पर नियुक्ति के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। संबंधित पद के लिए अंतिम योग्यता सूची जारी हो चुकी है, जिसमें एक अभ्यर्थी चयन सूची में और एक प्रतीक्षा सूची में है।