भिलाई की इस भट्ठी का कोई तोड़ नहीं, 3208 दिन में उगला 22 मिलियन टन लोहा
भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस - 8 (महामाया) ने 3,208 दिनों में 22 मिलियन टन हॉट मेटल उत्पादन कर सेल की सभी इकाइयों में सबसे तेज कीर्तिमान रचा है। महज 128 दिनों में अंतिम एक मिलियन टन उत्पादन पूरा कर इस फर्नेस ने अपनी तकनीकी दक्षता और टीमवर्क का नया इतिहास लिखा है।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 12:35:36 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 12:35:36 PM (IST)
भिलाई इस्पात संयंत्र के महामाया ब्लास्ट फर्नेस ने 3,208 दिनों में 22 मिलियन टन हॉट मेटल उत्पादन का नया रिकॉर्ड बनाया है। (AI जनरेटेड इमेज)HighLights
- सेल के समान क्षमता वाले सभी ब्लास्ट फर्नेसों में सबसे कम समय में छुआ 22 मिलियन टन का आंकड़ा
- दो फरवरी 2018 को कमीशन हुए महामाया फर्नेस ने 21 से 22 मिलियन टन का सफर 128 दिन में तय किया
- मुख्य महाप्रबंधक मनोज कुमार और विवेक वर्मा ने सुरक्षा व टीमवर्क को बताया सफलता का आधार
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस-8 (महामाया) ने हॉट मेटल उत्पादन के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। महामाया ने 15 नवंबर को 22 मिलियन टन संचयी हॉट मेटल उत्पादन का आंकड़ा पार कर संयंत्र के उत्पादन इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। इस उपलब्धि के साथ ही महामाया सेल की अन्य इकाइयों में स्थापित समान क्षमता वाले ब्लास्ट फर्नेसों में सबसे कम समय में यह मुकाम हासिल करने वाला फर्नेस बन गया है। यह सफलता भिलाई इस्पात संयंत्र की आधुनिक तकनीक, बेहतर परिचालन प्रबंधन और कार्मिकों के सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है।
128 दिनों में एक मिलियन टन उत्पादन का रिकॉर्ड
दो फरवरी 2018 को कमीशन किए गए ब्लास्ट फर्नेस-8 ने महज 3,208 दिनों में 22 मिलियन टन हॉट मेटल उत्पादन का कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उपलब्धि का सबसे खास पहलू 21 मिलियन टन से 22 मिलियन टन तक पहुंचने की तेज रफ्तार है। फर्नेस ने यह अंतिम एक मिलियन टन उत्पादन महज 128 दिनों में पूरा किया है। लगातार बेहतर उत्पादन बनाए रखने के लिए तकनीकी दक्षता, उपकरणों के रखरखाव और कच्चे माल के सटीक प्रबंधन के साथ-साथ विभिन्न विभागों के बीच तालमेल की अहम भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- दल्लीराजहरा –रावघाट रेल लाइन पूरी, बीएसपी को आयरन ओर के ट्रांसपोर्ट में मिलेगी रफ्तार, जनजातीय क्षेत्रों को होगा फायदा
टीमवर्क और सुरक्षा संस्कृति से मिली सफलता
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्य महाप्रबंधक (आयरन) मनोज कुमार और मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) विवेक वर्मा ने पूरी ब्लास्ट फर्नेस टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता कार्मिकों के समर्पण और निरंतर बेहतर प्रदर्शन का नतीजा है। अधिकारियों ने भविष्य में भी उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाए रखने पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें- भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों को इस बार कितना मिलेगा बोनस? 10,000 एम्प्लॉयीज की एक्सग्रेशिया रकम पर टिकीं नजरें
इसलिए खास है 'महामाया' फर्नेस
देश का सबसे बड़ा ब्लास्ट फर्नेस: भिलाई स्टील प्लांट का ब्लास्ट फर्नेस-8 (महामाया) महारत्न कंपनी सेल (SAIL) के सभी संयंत्रों में सबसे बड़ी क्षमता (4,060 घन मीटर) वाला अत्याधुनिक फर्नेस है।
- मजबूत भारत के निर्माण में योगदान: यहां तैयार होने वाले हाई-ग्रेड हॉट मेटल से देश की सबसे लंबी रेल पटरियां, रक्षा उपकरण, बड़े पुल और बुलेट ट्रेन जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए विश्वस्तरीय स्टील बनाया जाता है।
- पर्यावरण अनुकूल तकनीक: इस फर्नेस में जीरो-वाटर डिस्चार्ज और टॉप-प्रेशर रिकवरी टरबाइन जैसी आधुनिक तकनीकें लगी हैं, जिससे ऊर्जा की बचत होती है और प्रदूषण बेहद कम रहता है।
- अर्थव्यवस्था और रोजगार को मजबूती: रिकॉर्ड उत्पादन से न केवल संयंत्र के मुनाफे और कर्मचारियों के बोनस व प्रोत्साहन राशि (इंसेंटिव) की उम्मीदें मजबूत होती हैं, बल्कि स्थानीय सहायक उद्योगों को भी सीधा लाभ मिलता है।