
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। अवैध गतिविधियों और संदिग्ध तस्करी पर प्रभावी रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत खुर्सीपार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। रायपुर से नागपुर की ओर जा रही एक बोलेरो पिकअप की तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन के भीतर बने एक गुप्त चेंबर से चार करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर उसमें सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस और जांच एजेंसियां इस रकम के स्रोत तथा इसके गंतव्य की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई हैं।
खुर्सीपार थाना पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप में छिपाकर भारी मात्रा में नकदी रायपुर से नागपुर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डबरापारा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कड़ी नाकेबंदी कर दी। सोमवार रात करीब 11 बजे जैसे ही संदिग्ध वाहन मौके पर पहुंचा, पुलिस बल ने उसे रोक लिया। पहली नजर में वाहन सामान्य मालवाहक गाड़ी की तरह नजर आ रहा था, लेकिन पुख्ता सूचना के चलते वाहन को थाने लाकर सघन जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों को वाहन के पिछले हिस्से (डाला) की बनावट सामान्य से काफी अलग और मॉडिफाई की हुई मिली। संदेह गहराने पर जब बारीकी से निरीक्षण किया गया, तो डाला के नीचे लोहे की चादरों के बीच एक विशेष गुप्त चेंबर बना हुआ पाया गया। चेंबर को खोलने पर उसके भीतर भारतीय मुद्रा के बंडलों से भरे पैकेट ठूंस-ठूंस कर रखे हुए मिले। पुलिस द्वारा नोट गिनने की मशीन मंगवाकर पूरी रात गिनती कराई गई, जिसमें बरामद कुल रकम चार करोड़ रुपये निकली।
वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों की पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी (वाहन चालक) और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ही इस विशाल धनराशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज, बैंक रसीद या संतोषजनक जवाब पेश नहीं कर सके। पुलिस अधीक्षक के अनुसार दोनों से रकम के वास्तविक मालिक और लेन-देन के नेटवर्क को लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है।
मामले में वैधानिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पूरी नकदी और वाहन को जब्त कर लिया है। चूंकि मामला वित्तीय अनियमितता और संदिग्ध लेनदेन से जुड़ा है, इसलिए इसकी विस्तृत जांच के लिए आयकर विभाग (Income Tax) को औपचारिक सूचना भेज दी गई है। प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह पूरी खेप हवाला कारोबार से जुड़ी हो सकती है।