
जभिलाई। पंडवानी के पितामह कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ के प्रख्यात पंडवानी गायक झाडूराम देवांगन की स्मृति में दुर्ग डाक संभाग के फिलाटलिक ब्यूरो की ओर से विशेष लिफाफा जारी किया जाएगा। अगले माह होने वाले फिलाटलिक प्रदर्शनी में इस विशेष लिफाफे का अनावरण छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के पोस्ट मास्टर जनरल करेंगे। प्रदेश में लोक कलाकारों को सम्मान देने की कड़ी में दुर्ग डाक संभाग की ओर से एक और पहल जा रही है।
इससे पहले 10 व 11 मार्च 2013 को भी दुर्ग डाक संभाग की ओर से लोक कलाकार देवदास बंजारे व सांस्कृतिक कलाकार सुब्रत बोस पर विशेष लिफाफा जारी किया जा चुका है। इसी कड़ी में इस वर्ष झाडूराम देवांगन की स्मृति में विशेष लिफाफ जारी किया जाएगा। इसके लिए दुर्ग डाक संभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। झाडूूराम देवांगन के पुत्र कुंज बिहारी देवांगन ने भी अपने पिता की स्मृति में निकलने वाले विशेष लिफाफे के लिए अपनी सहमति दे दी है।
विशेष आवरण की परंपरा
दुर्ग डाक संभाग के फिलाटलिक ब्यूरो की ओर से जब भी डाक टिकटों की प्रदर्शनी लगाई जाती है तब किसी शहर की किसी प्रसिद्घ हस्ती या स्मृति पर विशेष आवरण (लिफाफा) भी निकाला जाता है। विगत वर्षों में दुर्ग डाक संभाग क फिलाटलिक ब्यूरो की ओर से भिलाई इस्पात संयंत्र, कवर्धा स्थित भोरम देव मंदिर, खैरागढ़ स्थित इंदिरा गांधी कला एवं संगीत विश्वविद्यालय पर भी विशेष आवरण निकाला जा चुका है। लोक कलाकारों की श्रेणी में झाडूराम देवांगन दूसरे व्यक्ति हैं जिनके सम्मान में डाक संभाग दुर्ग की ओर से विशेष आवरण निकाला जा रहा है।
झाडूराम देवांगन का संक्षिप्त परिचय
भिलाई के निकट ग्राम बासिन में 1927 में झाडूराम देवांगन का जन्म हुआ था। 9 वर्ष की उम्र में इनके माता पिता का निधन हो गया था। 12वर्ष की उम्र में इन्होंने पंडवानी का गायन शुरू किया। इन्हें पंडवानी की प्रेरणा सब्बल सिंह चौहान की छत्तीसगढ़ी महाभारत पढ़कर मिली। पंडवानी को पूरे देश में प्रसिद्घ करने का श्रेय उन्हीं को जाता है। 1964 में उन्होंने भोपाल आकाशवाणी से पंडवानी का गायन किया। छत्तीसगढ़ सरकार ने उन्हें पंडवानी के पितामह व तुलसी सम्मान से भी नवाजा है। सन 1975 से 1985 के बीच वे अपने शिष्यों के साथ विदेशों में भी अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं। पद्मश्री तीजन बाई उनके शिष्यों में से एक हैं। वहीं वर्तमान में पुनउराम निषाद, चेतना दास, प्रभा यादव आदि पंडवानी की पहचान को बनाए हुए हैं।
तैयारी चल रही है
फिलाटलिक ब्यूरो द्वारा डाक टिकटों की प्रदर्शनी जुलाई में आयोजित होगी। इस मौके पर विशेष आवरण निकाला जाना है। इसमें पंडवानी के पितामह कहे जाने वाले झाडूराम देवांगन पर विशेष आवरण निकालने की तैयारी की जा रही है।
आशीष सिंह ठाकुर, प्रवर अधीक्षक दुर्ग डाक संभाग