
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले लाखों पदयात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर दुर्ग यातायात पुलिस ने इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा और दुर्घटना से बचाने के लिए कुम्हारी टोल प्लाजा से लेकर अंजोरा बाईपास तक एक समर्पित सुरक्षित काॅरिडोर तैयार किया गया है।
11 से 19 अक्टूबर तक इस पूरे यात्रा मार्ग पर यातायात पुलिस के तीन पेट्रोलिंग वाहन 24 घंटे तैनात रहेंगे। ये पेट्रोलिंग वाहन लाउडस्पीकर के जरिए लगातार घोषणा कर श्रद्धालुओं को सड़क के बाईं ओर चलने तथा यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश देंगे। इसके साथ ही पदयात्रियों की प्राथमिक सहायता और मार्गदर्शन के लिए पूरे मार्ग में जगह-जगह अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र भी स्थापित किए जा रहे हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार पदयात्री कुम्हारी टोल प्लाजा से आगे बढ़ते हुए सिरसा गेट चौक, डबरापारा तिराहा, खुर्सीपार तिराहा, पावर हाउस अंडरब्रिज, मुर्गा चौक, सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर-9 चौक, ठगड़ा बांध ओवरब्रिज, जेल तिराहा, गौरव पथ, गांधी पुतला, पटेल चौक, गंजपारा, पुलगांव चौक, शिवनाथ नदी ब्रिज और अंजोरा बाईपास होते हुए राजनांदगांव के रास्ते डोंगरगढ़ पहुंचेंगे।
शहर में भीड़ नियंत्रण के लिए पावर हाउस अंडरब्रिज से सेंट्रल एवेन्यू की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों को फॉरेस्ट एवेन्यू व गैरेज रोड की ओर डायवर्ट किया गया है। गंजपारा दुर्गा पंडाल के निकट रात के समय वाहनों को गंज मंडी के पीछे से निकाला जाएगा। पुलगांव चौक से आने वाली बसें महाराजा चौक और जेल तिराहा होकर बस स्टैंड पहुंचेंगी।
पुलिस ने पदयात्रियों से अपील की है कि वे अपने बैग पर रेडियम स्टीकर लगाएं और रिफ्लेक्टिव कपड़े पहनें। श्रद्धालु सड़क के बिल्कुल किनारे चलें, सर्विस लेन का प्रयोग करें, सड़क पर बैठकर विश्राम न करें और देर रात यात्रा करने से परहेज करें।
दुर्ग शहर में रात के समय भारी और मध्यम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलगांव चौक, पोटिया चौक, महाराजा चौक, जेल तिराहा, गुरुद्वारा तिराहा, धमधा रोड और नयापारा से शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को निर्धारित प्रतिबंधों का पालन करना होगा।