
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र से करीब 250 टन लौह स्क्रैप चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चोरी का स्क्रैप खरीदकर खपाने के आरोप में रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड रसमड़ा के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग एवं डायरेक्टर संदीप कुमार सिंह को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र अंतर्गत 26 मई को पुलिस ने अकलोरडीह खदान पारा स्थित एके ट्रेडर्स से भारी मात्रा में लौह स्क्रैप बरामद किया था। यह लौह स्क्रैप भिलाई इस्पात संयंत्र से चोरी किया गया था। पुलिस के मुताबिक ट्रांसपोर्टर आरोपित संजय सिंह बीएसपी से चोरी किए गए लौह स्क्रैप को अकलोरडीह स्थित उक्त गोदाम में डंप करता था।
इसके बाद इसी स्क्रैप को रसमड़ा स्थित रायपुर इस्पात कंपनी में खपाया जाता था। इस मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने 19 आरोपितों की गिरफ्तारी की थी। गिरफ्तार किये गये आरोपितों से प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारी तथा तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से भिलाई इस्पात संयंत्र से चोरी किए गए स्क्रैप को रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड, रसमडा स्थित औद्योगिक संस्थान में खपाए जाने के संबंध में महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए हैं।
प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग (60) निवासी वालफोर्ट सिटी भाठागांव रायपुर थाना पुरानी बस्ती जिला रायपुर एवं डायरेक्टर संदीप कुमार सिंह (39) निवासी एसबीआइ कालोनी हाउस नंबर 94 जुनवानी रोड स्मृति नगर भिलाई को 18 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपितों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। विवेचना जारी है। इस प्रकरण में अब तक कुल 21 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
यह भी पढ़ें- बस से उतरते ही ऑटो में बैठाया, 10 कदम बाद रिटायर कर्मचारी से लूटे हजारों, ड्राइवर समेत 4 की तलाश शुरू
लोहा चोरी मामले में मुख्य आरोपित संजय सिंह, उसके बेटे अभय सिंह, भाजपा नेता भास्कर मुदलियार, व्यवसायी हिमांशु खंडेलवाल, बीएसपी के जीएम हिमांशु भूषण मलिक सहित कुछ और आरोपित शामिल हैं।
पुलिस इस मामले में न्यायालय के समक्ष चालान भी पेश कर चुकी है। इस मामले में बीएसपी के तीन अधिकारी कर्मचारियों पर भी निलंबन की कार्रवाई हुई है। जिसमें जीएम हिमांशु भूषण मलिक, नान एग्जीक्युटिव धनजंय वर्मा और मनोज कुमार देवांगन शामिल हैं।