
नईदुनिया प्रतिनिधि, बीजापुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना गंगालूर और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 85वीं वाहिनी की संयुक्त टीम द्वारा चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान मुतवेंडी के जंगलों से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए एक भारी-भरकम डंप का पता चला है।
सुरक्षा बलों ने मौके से हथियार, विस्फोटक सामग्री और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं, जिससे माओवादियों के बड़े हमले की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लगातार बढ़ रही नक्सली गतिविधियों और खुफिया इनपुट के आधार पर गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मुतवेंडी के सघन जंगली और पहाड़ी इलाकों में सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संयुक्त टीम ने नक्सलियों के गुप्त डंप को ढूंढ निकाला। तलाशी लेने पर डंप से 2 अत्याधुनिक हथियार, बीजीएल (BGL) सेल, कार्डेक्स वायर, खतरनाक तीर बम, डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक सामग्रियों के साथ-साथ 7.62 एसएलआर (SLR) के 30 नग जिंदा राउंड बरामद किए गए हैं।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बरामद की गई सभी सामग्रियों को विधिवत सुरक्षित कर लिया गया है। फिलहाल, जब्त सामानों को थाना गंगालूर लाया गया है, जहां नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा बलों की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के नक्सलियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि बस्तर अंचल में शांति और सुरक्षा स्थापित करने के लिए नक्सलियों के खिलाफ यह अभियान पूरी मुस्तैदी के साथ आगे भी जारी रहेगा।