यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 24, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
माओवादी प्रमुख बसव राजू को ढेर करने के बाद अब निशाने पर शीर्ष माओवादी
21 मई को अबूझमाड़ के जंगलों में हुई ऐतिहासिक नक्सल विरोधी कार्रवाई में सीपीआई माओवादी के शीर्ष कमांडर बसव राजू उर्फ बीआर दादा को मारे जाने के बाद माओवादी संगठन ताश के पत्तों की तरह बिखरने लगा है। अनेक माओवादी कैडर अपने छिपने के ठिकानों से भागकर आत्मसमर्पण के लिए आगे आ रहे हैं।
Publish Date: Sat, 24 May 2025 08:20:00 PM (IST)Updated Date: Sat, 24 May 2025 08:25:03 PM (IST)
बसव राजू को पिछले दिनों सुरक्षाबलों ने मार गिराया था।HighLights
- शीर्ष माओवादियों की तलाश में निकली फोर्स ने अब मार गिराए दस लाख के दो इनामी।
- इनकी पहचान पांच-पांच लाख के इनामी माओवादी एरिया कमेटी सदस्य के रूप में हुई।
- इसी तरह तुमरेल मुठभेड़ में मारा गया माओवादी दक्षिण बस्तर एरिया कमेटी सदस्य था।
नईदुनिया न्यूज, बीजापुर। अबूझमाड़ क्षेत्र में बुधवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बल ने माओवादी प्रमुख बसव राजू उर्फ बीआर दादा व दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य (डीकेएसजेडसी) नवीन उर्फ मधु समेत 27 माओवादियों को ढेर करने के बाद अब बीजापुर क्षेत्र के तुमरेल व पेसलपाड़ क्षेत्र में शीर्ष माओवादियों की उपस्थिति पर चलाए गए अभियान में दो माओवादियों को ढेर कर दिया है, जिनकी पहचान पांच-पांच लाख के इनामी माओवादी एरिया कमेटी सदस्य के रूप में की गई है।
![naidunia_image]()
- सुरक्षा बल के शीर्ष अधिकारी ने बताया कि मार्च 2026 तक माओवादियों के समूल सफाया करने के लक्ष्य के साथ फोर्स काम कर रही है।
- अब निशाने पर बाकी बचे बड़े माओवादी हैं, यदि वे आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में नहीं लौटते हैं तो उन्हें शीघ्र ही मार गिराया जाएगा।
- पुलिस के अनुसार पेसलपाड़ मुठभेड़ में मारा गया माओवादी माड़वी माड़ा दक्षिण सब जोनल ब्यूरो का डिप्टी कमांडर था।
- इसी तरह तुमरेल मुठभेड़ में मारा गया माओवादी दक्षिण बस्तर एरिया कमेटी सदस्य था।
- पेसलपाड़ मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक नौ एमएम आटोमेटिक सर्विस पिस्टल, बीजीएल लांचर व बीजीएल सेल सहित विस्फोटक बरामद किए हैं।
- तुमरेल से भी एक 12 बोर बंदूक, सेल्फ लोडिंग रायफल के मैग्जीन समेत विस्फोटक मिले हैं।
गृहग्राम भेजा गया बलिदानी जवान का शव
तुमरेल में हुई मुठभेड़ में गुजरात के भावनगर जिले के सिहोर तहसील के देवगाना गांव का रहने वाला कोबरा 210 का जवान मेहुल सोलंकी बलिदान हो गया था। रायपुर में राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजली देने के बाद बलिदानी जवान का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ गृहग्राम देवगाना में किया गया।
आत्समर्पण करें या भयावह अंत के लिए तैयार रहें: आईजी
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पाटलिंगम ने बताया कि 21 मई को अबूझमाड़ के जंगलों में हुई ऐतिहासिक नक्सल विरोधी कार्रवाई में सीपीआई माओवादी के शीर्ष कमांडर बसव राजू उर्फ बीआर दादा को मारे जाने के बाद माओवादी संगठन ताश के पत्तों की तरह बिखरने लगा है। अनेक माओवादी कैडर अपने छिपने के ठिकानों से भागकर आत्मसमर्पण के लिए आगे आ रहे हैं। प्रतिबंधित माओवादी संगठन के सदस्यों के लिए यह चेतावनी है वे हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हो जाएं, अन्यथा अपने शीर्ष कमांडर की तरह भयावह अंत के लिए तैयार रहें।