
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके बीजापुर मेंं गुरुवार सुबह मतदान शुरू होने से पहले चार नक्सलियों को हथियार सहित गिरफ्तार किया गया है। बेदरे थाना इलाके में पुलिस और सीएएफ की संयुक्त कार्रवाई में इन नक्सलियों को पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि यह बड़े हमले की फिराक में थे। मंगलवार शाम हुए नक्सली हमले में विधायक भीमा मंडावी और चार जवानों के शहीद होने के बाद पूरे इलाके में विशेष सुरक्षा बरती जा रही है। मतदान केंद्रों और उसके आस-पास भी विशेष तौर पर सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है।
नक्सल प्रभावित होने के कारण यहां के दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर और कोंटा में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। वहीं, इस लोकसभा के अंतर्गत आने वालीं 4 अन्य विधानसभाओं (जगदलपुर, कोंडागांव, बस्तर, चित्रकूट) में सुबह 7 बजे से 5 बजे तक वोटिंग होगी।