बीजापुर कर्रेगुट्टा हिल्स में माओवादियों के विस्फोटकों का जखीरा बरामद, 711 बीजीएल सेल मिले
बीजापुर में सुरक्षा बलों ने बड़े सर्च ऑपरेशन के तहत केजी हिल्स के जंगलों से सात सौ ग्यारह बीजीएल सेल बरामद किए तथा नागरिकों को सुरक्षित रहने की सख्त चेतावनी दी।
Publish Date: Thu, 05 Nov 2026 10:24:41 PM (IST)Updated Date: Thu, 05 Nov 2026 10:28:08 PM (IST)
बीजापुर से बरामद किए गए बीजीएल। - पुलिसHighLights
- केजी हिल्स के जंगल से बीजीएल सेल बरामद
- सुरक्षा बलों ने चलाया था बड़ा सर्च ऑपरेशन
- नागरिकों को पहाड़ियों में न जाने की चेतावनी
नईदुनिया प्रतिनिधि, बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। जिला पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (केरिपु) की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने गत पांच नवंबर को थाना उसूर क्षेत्रांतर्गत अग्रिम पिकेट (एफओबी) ताड़ापाला से बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है।
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों की टीम जब केजी हिल्स के समीप पहुंची, तो उन्हें माओवादियों के डंप से कुल 711 नग बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (बीजीएल) सेल मिले। सुरक्षा बलों ने सतर्कता और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विस्फोटकों को अपने कब्जे में ले लिया।
आम नागरिकों के लिए जारी की गई चेतावनी
सुरक्षा एजेंसियों ने स्थानीय ग्रामीणों और आम नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है। पुलिस ने अपील की है कि कर्रेगुट्टा और उसके आसपास की पहाड़ियों में जाने से फिलहाल परहेज करें। उक्त क्षेत्रों में अभी भी बारूदी सुरंग यानी आईईडी और अन्य खतरनाक विस्फोटक सामग्री छिपे होने की आशंका बनी हुई है। आने वाले दिनों में डी-माइनिंग अभियान चलाकर क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित किया जाएगा