
नईदुनिया न्यूज, बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर माओवादियों के विरुद्ध चल रहे एक बड़े ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। बुधवार तड़के सुबह से जारी मुठभेड़ में जवानों द्वारा करीब 22 माओवादियों को मार गिराने की सूचना है। अब तक घटनास्थल से 18 माओवादियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। आशंका जताई जा रही है कि मारे जाने वाले माओवादियों (Bijapur Naxal News) की संख्या और भी बढ़ सकती है।
दिल्ली स्थित सीआरपीएफ के महानिदेशक (डीजी) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह स्वयं इस आपरेशन पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नक्सल ऑपरेशन) विवेकानंद सिन्हा, सीआरपीएफ के महानिरीक्षक राकेश अग्रवाल और बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज घटनाक्रम की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार जवान इस ऐतिहासिक सफलता की ओर बढ़ रहे हैं। इस आपरेशन में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), कोबरा बटालियन और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के बहादुर जवान नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। इस घटनाक्रम से नक्सली गतिविधियों (Bijapur Maoist encounter) के खिलाफ सुरक्षाबलों को एक बड़ी मनोवैज्ञानिक बढ़त मिलने की संभावना है। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
अदम्य साहस : घायल जवान को बचाते सहायक कमांडेंट बने निशाना, गंवाना पड़ा पैर
छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में माओवादियों के विरुद्ध बीते दो सप्ताह से जारी निर्णायक लड़ाई में रविवार को हुए आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) विस्फोट में घायल जवान को बचाते हुए सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) के सहायक कमांडेंट सागर बोराडे गंभीर रूप से घायल हो गए।
लड़ाई के दौरान अदम्य साहस और नेतृत्व का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना वे विस्फोट में घायल साथी को बचा रहे थे, तभी एक और आईईडी फटा जिसके चपेट में आकर उनका पैर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
सीआरपीएफ के अनुसार घायल कमांडेंट को एयरलिफ्ट कर रायपुर और फिर वहां से दिल्ली एम्स में भर्ती किया गया है, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों को संक्रमण और रक्तस्त्राव को रोकने उनका बायां पैर काटना पड़ा। सागर बोराडे अभी आईसीयू में भर्ती हैं, लेकिन डाक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति अब स्थिर है। वे अद्भुत जीवटता और मानसिकता का परिचय दे रहे हैं।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मिशन मार्च 2026 तक माओवाद के समूल खात्मे के लक्ष्य को लेकर पिछले दो सप्ताह से सुरक्षा बलों की ओर से छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर स्थित कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर संकल्प अभियान छेड़ा गया है।
इस अभियान के दौरान चार माओवादियों के शव और हथियार मिल चुके हैं। सुरक्षा बलों का दावा है कि अभियान के दौरान अब तक माओवादियों के सैकड़ों ठिकाने और बंकर नष्ट किए गए हैं। 200 से अधिक आईईडी भी इस पहाड़ी से मिले हैं।
बताया जा रहा है कि इसी पहाड़ी से माओवादियों का केंद्रीय संगठन छत्तीसगढ़ में माओवादी गतिविधियां संचालित किया करता था। इस पहाड़ी पर पोलित ब्यूरो सदस्य बसव राजू, सेंट्रल कमेटी सदस्य बसव राव, गणपति, भूपति, देवजी, चंद्रन्ना, दामोदर, हिड़मा समेत बटालियन के 350 से अधिक माओवादियों की उपस्थिति की सूचना के बाद सुरक्षा बल की ओर से दो सप्ताह से निर्णायक लड़ाई जारी है।
दस हजार से अधिक जवान इस पहाड़ी को घेरे हुए हैं। इस अभियान के दौरान विभिन्न आईईडी विस्फोटों में कोबरा, एसटीएफ और डीआरजी के आधा दर्जन जवान भी घायल हुए हैं। यद्यपि सभी घायल जवान अब खतरे से बाहर हैं। फोर्स के अनुसार बीते चार माह में बस्तर संभाग में हुए मुठभेड़ों में अब तक 147 हार्डकोर माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं।