
नईदुनिया न्यूज, बीजापुर: माओवादी संगठनों के खिलाफ सुरक्षाबलों की ओर से चलाए जा रहे अभियान से नक्सली बौखलाए हुए हैं। अपनी बौखलाहत में माओवादी निर्दोष ग्रामीणों की हत्या कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में अमित शाह के दौरे के ठीक पहले माओवादियों ने बीजापुर जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र के सेंड्राबोर व एमपुर में आत्मसमर्पित माओवादी वेको देवा और ग्रामीण समैया की निर्ममता से हत्या कर दी है।
जानकारी के अनुसार माओवादियों ने इन दोनों को अगवा कर शनिवार रात को इनकी हत्या कर दी है। पुलिस ने मुखबिरी के शक में माओवादियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। उन्हें शक था कि आत्मसमर्पण कर चुके माओवादी वेको देवा वे सुरक्षाबल को उनके संगठन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी थी।
बता दें कि एक सप्ताह के भीतर बीजापुर जिले में यह पांचवीं हत्या है। 4 दिन पहले माओवादियों ने गंगालूर थाना क्षेत्र के पेद्दाकोरमा गांव में 3 लोगों की निर्ममता हत्या कर दी थी। माओवादियों ने आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी दिनेश मोडियम के परिवार के दो सदस्य समेत 3 ग्रामीणों की हत्या कर दी थी। इनमें 2 स्कूली छात्र बारहवीं और सातवीं कक्षा के छात्र थे। पेद्दाकोरमा हत्याकांड मामले में शामिल 5 आरोपित माओवादियों को दो दिन पहले ही गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्च 2026 तक माओवादियों के समूल सफाए के संकल्प को पूरा करने प्रदेश में माओवादियों के विरुद्ध पिछले 18 माह में अभियान तेज हुआ है। 425 से अधिक माओवादी मारे गए हैं। जिनमें माओवादी नंबाला केशव राव उर्फ प्रमुख बसव राजू, केंद्रीय समिति सदस्य सुधाकर, चलपति समेत एक दर्जन से अधिक शीर्ष माओवादी शामिल हैं।
एक ओर जहां लगातार प्रहार से घबराकर माओवादी कई बार शांति वार्ता की गुहार लगा चुके हैं, तो दूसरी ओर बौखलाहट में निर्दोष ग्रामीणों की हत्या कर कर रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा बलों की ओर से भी लगातार सूचना के आधार पर माओवादियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। हाल हीं में सुरक्षा बल के जवानों ने मूठभेड़ के दौरान एक महिला माओवादी को मार गिराया है।