
नईदुनिया न्यूज, बीजापुर: कभी माओवादी सुरक्षा बलों पर ड्रोन से निगरानी रखने और हवाई हमले की आशंका जताते थे। अब हिंसा का दौर थमने के बाद उनके पुराने ठिकानों से मिल रहे उपकरण उनके अपने तकनीकी तंत्र की परतें खोल रहे हैं। बीजापुर के कोरागुटटा जंगल में मिले एक पुराने ठिकाने से ड्रोन, 15 वायरलेस सेट और इलेक्ट्रानिक उपकरणों का जखीरा बरामद हुआ है।

यह बरामदगी बताती है कि जंगलों में माओवादी सुरक्षा बलो से लड़ाई में केवल हथियारों का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे, बल्कि संचार और निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल करते थे।
सुरक्षा बलों को यहां 14 वीएचएफ (वेरी हाई फ्रीक्वेंसी) और एक यूएचएफ (अल्ट्रा हाई फ्रीक्वेंसी) वायरलेस सेट के साथ डीजेआइ माविक-2 एंटरप्राइज ड्रोन मिला है। वीएचएफ और यूएचएफ सेट रेडियो तरंगों के जरिए काम करते हैं। इनके माध्यम से मोबाइल नेटवर्क से दूर जंगलों में मौजूद अलग-अलग दल आपस में संपर्क कर सकते हैं।
जिला बल एवं केरिपु 62/ई कंपनी की संयुक्त कार्यवाही, पेद्दापुन्नुर के जंगल में माओवादी डम्प में छिपाकर रखा गया भरमार बंदूक,जिंदा राउण्ड एवं टिफिन बम बरामद

ड्रोन में लगे कैमरे से ऊंचाई से जंगल, रास्तों और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है। यानी दुर्गम इलाकों में किसी स्थान की निगरानी के लिए जमीन पर मौजूद रहने की जरूरत नहीं पड़ती। माओवादी ठिकाने से लैपटाप, एंटीना, बैटरियां, पीसीबी बाक्स और सोल्डरिंग उपकरण भी मिले हैं। इनका इस्तेमाल इलेक्ट्रानिक सर्किट और संचार उपकरणों के निर्माण व मरम्मत में किया जा सकता है।
इधर, आवापल्ली क्षेत्र के पेद्दापुन्नुर जंगल में मिले दूसरे ठिकाने से दो भरमार बंदूकें, एके-47, एसएलआर, इंसास, जिंदा कारतूस और टिफिन बम बरामद हुए हैं।
“ड्रोन और वायरलेस सेट माओवादियों के संचार तंत्र का हिस्सा थे। सुरक्षा बलों की निगरानी और हमलों के दौरान इनका इस्तेमाल किया जाता था। माओवादी हिंसा से मुक्त क्षेत्रों में डिमाइनिंग अभियान के दौरान लगातार हथियार, विस्फोटक और तकनीकी उपकरण बरामद हो रहे हैं। ऐसे किसी भी डम्प की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।” बद्रीनारायण मीणा, आइजी, बस्तर रेंज