बीजापुर के बड़ेपल्ली जंगल में जमीन के अंदर छिपाए 39.77 लाख बरामद, स्टील डिब्बे में 500 के नोट
स्टील डिब्बे से डीआरजी, पुलिस और बीडीएस की टीम ने 500 रुपये के नोटों में 39 लाख 77 हजार रुपये बरामद किए हैं, जबकि पहले भी डंप से करोड़ों नकद व सोना मिल चुका है।
Publish Date: Wed, 25 Nov 2026 07:17:56 PM (IST)Updated Date: Wed, 25 Nov 2026 07:17:56 PM (IST)
बीजापुर के बड़ेपल्ली जंगल में 39.77 लाख रुपये बरामद।HighLights
- बीजापुर के बड़ेपल्ली जंगल में 39.77 लाख रुपये बरामद।
- स्टील डिब्बे में टेप लिपटे 500 के नोट मिले।
- डीआरजी, भैरमगढ़ पुलिस व बीडीएस ने चलाया सर्चिंग अभियान।
नईदुनिया न्यूज, बीजापुर। जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेपल्ली के जंगल में सुरक्षा बलों ने जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई 39 लाख 77 हजार रुपये की नकद राशि बरामद की है। माओवादी डम्प से बरामद यह राशि स्टील के डिब्बे में टेप से लिपटे पैकेटों में रखी गई थी। सभी नोट 500 रुपये के हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ेपल्ली के जंगल में जमीन के अंदर संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखी गई है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आपरेशन) रविन्द्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन और एसडीओपी भैरमगढ़ नवीन कुमार एक्का के नेतृत्व में डीआरजी, भैरमगढ़ थाना पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीएस) की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया।
इस दौरान बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी की कार्रवाई करते हुए जमीन के अंदर बोरी में रखा स्टील का डिब्बा बरामद किया। डिब्बे के अंदर टेप से लिपटे पैकेट मिले। जांच करने पर इनमें 500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 39 लाख 77 हजार रुपये मिले। पुलिस ने राशि जब्त कर ली है। मामले में भैरमगढ़ थाने में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी बरामद हो चुकी है बड़ी नकद राशि और सोना
पुलिस के अनुसार, इससे पहले सुरक्षा बलों की कार्रवाई में माओवादी डम्प से 7 करोड़ 60 लाख 33 हजार 800 रुपये नकद और 8.5 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है। बड़ेपल्ली में हुई ताजा बरामदगी को भी माओवादी नेटवर्क के आर्थिक संसाधनों से जोड़कर देखा जा रहा है।