बीजापुर के तोयनार आश्रम में अज्ञात बीमारी से छात्रा की मौत, विभाग में मचा हड़कंप
CG News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर के विकास खंड के तोयनार कन्या आश्रम में कक्षा तीसरी में पढ़ने वाली शर्मीला कुड़ियम नामक एक छात्रा की बीमारी से मौत हो गई है। पिछले दो दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी। पहले उसे स्थानीय स्वास्थ केंद्र में दिखा कर दवाई दी गई और बाद में जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया।
Publish Date: Sun, 03 Aug 2025 08:18:45 PM (IST)
Updated Date: Sun, 03 Aug 2025 08:18:45 PM (IST)
कन्या आश्रम तोयनार।नईदुनिया प्रतिनिधि, बीजापुर। जिले के बीजापुर विकास खंड के तोयनार कन्या आश्रम में कक्षा तीसरी में पढ़ने वाली शर्मीला कुड़ियम नामक एक छात्रा की बीमारी से मौत हो जाने की खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार 9 वर्षीय छात्रा जो ग्राम चिन्तनपल्ली की रहने वाली थी, कन्या आश्रम तोयनार में रहकर पढ़ रही थी।
छात्रा की दूसरे दिन भी नहीं सुधरी तबीयत
पिछले दो दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी। पहले उसे स्थानीय स्वास्थ केंद्र में दिखा कर दवाई दी गई। दूसरे दिन तबीयत में सुधार नहीं होने पर जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा शर्मीला को कौन सी बीमारी थी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसका खुलासा होना बाकी है।
छात्रा की किडनी व फेफड़े में इंफेक्शन था
छात्रा की मौत के संबंध में सिविल सर्जन रत्ना ठाकुर से बात करने पर उनका कहना था कि छात्रा की किडनी व फेफड़े में इंफेक्शन था, साथ ही खून की कमी भी रही। इलाज की कार्यवाही चल रही थी। इस दरम्यान छात्रा ने दम तोड़ दिया। जानकारी अनुसार छात्रा का पोस्टमार्टम कराया गया। छात्रा की मौत से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग छात्रा की मौत की पूरी जानकारी जुटाने में लगा हुआ है। छात्रा के मौत से परिजन सदमे में हैं।