
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। शहर के मधुबन-जूना बिलासपुर क्षेत्र में विकसित किया जा रहा नालंदा परिसर एवं एजुकेशन हब आने वाले समय में जिले की शैक्षणिक पहचान को नई ऊंचाई देने वाला साबित होगा। यह महत्वाकांक्षी परियोजना विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए आधुनिक और सुव्यवस्थित अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित की जा रही है।
बिलासपुर में हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी सीजीपीएससी, यूपीएससी, नीट, जेईई, एसएससी, व्यापम और बैंकिंग सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन इस बड़े प्रोजेक्ट पर तेजी से कार्य कर रहा है।
नालंदा परिसर एवं एजुकेशन हब को लगभग 13 एकड़ शासकीय भूमि पर विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना की कुल लागत करीब 120 करोड़ रुपये बताई गई है। परिसर की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि यहां विद्यार्थियों को अध्ययन, आवास और अन्य जरूरी शैक्षणिक संसाधनों की सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी।
प्रशासन का मानना है कि इससे विद्यार्थियों को शांत, सुरक्षित और एकाग्र माहौल मिलेगा, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकेंगे। इस प्रोजेक्ट के पूर्ण होने के बाद बिलासपुर की पहचान एक बड़े एजुकेशन हब के रूप में मजबूत होगी।
परियोजना के तहत अत्याधुनिक नालंदा डिजिटल पब्लिक लाइब्रेरी तैयार की जा रही है। यहां विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों के साथ चौबीस घंटे अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होगी।
इसके अलावा छात्रों और छात्राओं के लिए अलग-अलग 300-300 सीटर सर्वसुविधायुक्त छात्रावास भी बनाए जा रहे हैं। परिसर में आधुनिक सुविधाओं से लैस अकादमिक ब्लाक का निर्माण किया जाएगा, जहां विशेष कक्षाएं, कार्यशालाएं और सेमिनार आयोजित किए जा सकेंगे। परिसर में 48 बड़े रेंटल हाल भी बनाए जा रहे हैं, जिनका उपयोग शैक्षणिक एवं अन्य सहायक गतिविधियों के लिए किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है और साल के अंत तक भवन तैयार होने की संभावना है। इसके बाद विद्यार्थी यहां उपलब्ध सुविधाओं का उपयोग कर सकेंगे। बताया जा रहा है कि यह प्रदेश का पहला ऐसा नालंदा परिसर होगा, जहां विभिन्न प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एक ही परिसर में संभव हो सकेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्य को गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के युवाओं को बेहतर अवसर और प्रतिस्पर्धी वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एजुकेशन हब के विकसित होने से बिलासपुर की पहचान प्रदेश के प्रमुख शैक्षणिक केंद्र के रूप में और अधिक मजबूत होगी। साथ ही यह परिसर हजारों विद्यार्थियों के सपनों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।