
बिलासपुर। एसपी की सख्ती के बाद भी हिर्री क्षेत्र में कोयले की अफरा-तफरी नहीं रुक रही है। मंगलवार रात पुलिस ने ग्राम हरदी स्थित शिवम कोल डिपो में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान वहां कोयले में मिलावट कर ट्रकों में लोड किया जा रहा था। डिपो से एक सौ 88 टन कोयले के साथ ही तीन ट्रक व जेसीबी जब्त किया गया है। वहीं मुंशी व वाहन चालक समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी आरिफ शेख को मंगलवार रात सूचना मिली कि हिर्री क्षेत्र के ग्राम हरदी स्थित शिवम कोल डिपो में बड़े पैमाने पर कोयले की अफरा-तफरी चल रही है। इस सूचना पर उन्होंने सिटी कोतवाली सीएसपी विश्वदीपक त्रिपाठी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सीएसपी त्रिपाठी ने देर रात हिर्री टीआइ पुनीराम बघेल व उनकी टीम के साथ छापामार कार्रवाई की। डिपो में पहुंचने से पहले उन्होंने पुलिसकर्मियों से घेराबंदी कराई।
पुलिस अफसरों को देखकर डिपो में मौजूद मुंशी व चालकों में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने मुंशी व ट्रक चालक समेत पांच आरोपितों को पकड़ लिया। इस दौरान जेसीबी के जरिए कोयले में मिलावट कर उसे ट्रकों में लोड किया जा रहा था। मौके पर क्रमशः तीन ट्रकों में लोड 24 टन, 18 टन, 46 टन और डिपो से 100 टन कोयला जब्त किया गया। पूछताछ में पता चला कि शिवम कोल डिपो का संचालक रामजी कुशवाहा है, जो मौके से फरार है।
मुंशी से पूछताछ कर पुलिस ने दस्तावेज की मांग की, जिस पर वह गोलमोल जवाब देनेे लगा। लिहाजा पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले गई। इस मामले में आरोपितों के खिलाफ चोरी का कोयला अफरा-तफरी करने के संदेह पर 41(1-4)/ 379 के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपितों में खरकेना निवासी विक्की कुर्रे पिता श्यामसुंदर कुर्रे (23), बिल्हा क्षेत्र के दगौरी निवासी कौशल डहरिया पिता राधेश्याम डहरिया (24), बिहार के दुलारपुर निवासी चालक सुभाष यादव पिता लालचंद यादव (40), झारखंड के रोहतांगपुर के देहरी निवासी चालक राजू कुमार पिता हीरालाल (23), बिहार के जगदीशपुर बटोई निवासी इतवारी यादव पिता कबीर यादव (45 ) शामिल हैं। सभी आरोपितों को बुधवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
डिपो संचालक की तलाश
हिर्री टीआइ पुनीराम बघेल ने बताया कि शिवम कोल डिपो में कोयला डंप कर मिलावट का काम चल रहा था। इस कार्रवाई के दौरान डिपो संचालक रामजी कुशवाहा का नाम सामने आया है, जो फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।