
बिलासपुर (निप्र)। जमीन की रजिस्ट्री के लिए पूरे प्रदेश में 22 बिंदु या 16 बिंदु की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। अब खसरा, बी-1 और नक्शा देकर ही रजिस्ट्री की जा सकेगी। इससे किसी जमीन को खरीदने, बेचने की प्रक्रिया बहुत आसान हो गई है।
नए वित्तीय वर्ष अप्रैल से जमीन की खरीद-बिक्री की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव कर दिया गया है। इसके तहत सबसे महत्वपूर्ण निर्णय रजिस्ट्री के लिए 22 बिंदु की अनिवार्यता समाप्त करने का है। आमतौर पर इसी जानकारी को बनवाने में जमीन विक्रेताओं को खासी मशक्कत करनी पड़ती है। इसके समाप्त होने से जमीन की खरीद-बिक्री काफी आसान हो जाएगी। लोग खसरा, बी-1 और जमीन का नक्शा देकर ही रजिस्ट्री करा पाएंगे। यहां यह बताना लाजिमी है कि प्रदेश के अन्य जिलों में पटवारियों द्वारा बनाए जाने वाले 16 बिंदु रजिस्ट्री के लिए अनिवार्य थे, जबकि बिलासपुर जिले में इसमें 6 बिंदु अतिरिक्त जोड़कर 22 बिंदु रजिस्ट्री के लिए अनिवार्य कर दिया गया था। आमतौर पर इस जानकारी को बनवाने में ही लोगों को खासी मशक्कत करनी पड़ती थी, क्योंकि खसरा, बी-1 ऑनलाइन होने के कारण इसे निकालने में ज्यादा दिक्कत नहीं होती। 22 बिंदु की अनिवार्यता समाप्त करने से रजिस्ट्री के रास्ते में आने वाली बड़ी बाधा दूर हो गई है।
पटवारियों की उदासीनता बड़ी वजह
जमीन बेचने के लिए पटवारियों द्वारा 22 बिंदु में जानकारी भरकर दी जाती है। नियमानुसार इसे मौके पर जाकर भरा जाना चाहिए, लेकिन जिले के ज्यादातर पटवारी ऐसा नहीं करते थे। उनके द्वारा घर बैठे ही जमीन बेचने वालों से पूछकर ही इसे तैयार कर दिया जाता है। इतना ही नहीं, 22 बिंदु में पटवारी यह लिख भी देते थे कि विक्रेता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार। इस तरह जमीन फर्जीवाड़ा रोकने के लिए शुरू की गई योजना औपचारिकता मात्र रह गई थी।
जमीन दलालों को लाभ
जमीन खरीद-बिक्री में सबसे ज्यादा दिक्कत 22 बिंदु बनवाने में होती है। इसके लिए काफी समय और पटवारियों का बार-बार चक्कर लगाना पड़ता था। इसे समाप्त करने से अब जमीन के रुके हुए सौदों में तेजी आने की बात कही जा रही है। नए निर्णय से विशेषकर जमीन दलालों को लाभ होने की बात कही जा रही है।
हर कलेक्टर के अलग नियम
प्रदेश में 22 बिंदु जानकारी को लेकर सभी जिले के कलेक्टरों में अपने अलग नियम बना लिए थे। इसमें बिलासपुर जिले में सर्वाधिक 22 बिंदु को अनिवार्य किया गया। वहीं किसी जिले में 16 बिंदु, 12 बिंदु, 14 बिंदु से लेकर 22 बिंदु तक की जानकारी मांगी जा रही थी।
22 बिंदु में यह मांगी जाती है
गांव का नाम, किसान का विवरण, भूमि का विवरण, खसरा, रकबा, लगान बकाया, शासकीय पट्टे की है या नहीं, चौहद्दी, नजरी नक्शा, लगान बकाया, बीच से रास्ता तो नहीं, बेची जा रही जगह पर निर्माण तो नहीं आदि जानकारी मांगी जाती थी।
नई गाइड लाइन के अनुसार अब रजिस्ट्री के लिए 22 बिंदु की जरूरत नहीं होगी। लोग खसरा, बी-1 दिखाकर ही रजिस्ट्री करा पाएंगे। निर्देश आते ही नए नियम के तहत ही अब रजिस्ट्री हो रही है।
सुशील खलको
पंजीयक, पंजीयन अधिकारी