
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: दीपावली और छठ पर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने सुरक्षित और सुगम सफर के लिए व्यवस्थाओं का दायरा बढ़ा दिया है। प्रमुख स्टेशनों से लेकर यात्री गाड़ियों तक अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है। चौबीस घंटे निगरानी, विशेष ट्रेनों और यात्री सुविधाओं के जरिए भीड़ को व्यवस्थित रखने की तैयारी है।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की आवाजाही बढ़ने के कारण रेलवे ने सभी प्रमुख स्टेशनों और यात्री गाड़ियों में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। फ्रंटलाइन कर्मचारी चौबीस घंटे ड्यूटी पर रहकर यात्रियों की मदद करेंगे। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीमें निगरानी कर रही हैं। ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान की जानकारी पीए सिस्टम और डिजिटल डिस्प्ले से दी जा रही है।
आरपीएफ और सिविल डिफेंस की टीमें लाउड हेलर व सीटी के जरिए भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित आवाजाही के लिए जागरूक कर रही हैं। मुख्यालय में डिजिटल वार रूम बनाया गया है, जहां से ट्रेनों के परिचालन और स्टेशनों पर भीड़ की रियल-टाइम निगरानी हो रही है। यात्रियों की शिकायतों का त्वरित निराकरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
स्टेशनों पर प्रकाश, पेयजल, सफाई और चिकित्सा दल की व्यवस्था की गई है। टिकटिंग के लिए अतिरिक्त काउंटर, हेल्प डेस्क, टिकट चेकिंग स्टाफ और ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन उपलब्ध कराई गई हैं। क्यूआर कोड से डिजिटल भुगतान के साथ एम-यूटीएस और रेलवन एप के जरिए प्लेटफार्म व प्रवेश द्वार के पास अनारक्षित टिकट लेने की सुविधा है। दुर्ग–बरौनी–दुर्ग, दुर्ग–हजरत निजामुद्दीन–दुर्ग, गोंदिया–पटना–गोंदिया और चर्लपल्ली–बरौनी–चर्लपल्ली के बीच पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
भूपदेवपुर-राबर्टसन स्टेशन के मध्य राबर्टशन फाटक वार्षिक मरम्मत के लिए बंद रहेगा। रेलवे के अनुसार 17, 18 और 19 नवंबर को सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक सड़क यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को अपनी आवाजाही की योजना पहले से बनानी होगी। रेलवे ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए आम जनता से सहयोग की अपील की है।
गाड़ी संख्या 18030/18029 शालीमार-एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त एसी-3 कोच लगाया जा रहा है। गाड़ी संख्या 18030 शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस में यह सुविधा 12 से 18 नवंबर तक और गाड़ी संख्या 18029 एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस में 14 से 20 नवम्बर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इससे अधिक यात्रियों को आरक्षित बर्थ मिलने की उम्मीद है।