
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। शादी समारोह में चरित्र पर लांछन लगाकर विवाद करने से मानसिक तनाव में आई 28 वर्षीय महिला की आत्महत्या के मामले में मल्हार पुलिस ने उसके जीजा को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपित को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड लेने की प्रक्रिया की जा रही है।
मल्हार चौकी प्रभारी SI अवधेश सिंह ने बताया कि भगवानपाली निवासी गीताराय ने वर्ष 2024 में अपनी मर्जी से सतीश कुमार राय से विवाह किया था। 18 अप्रैल की रात करीब 11 बजे उसने खुद पर आग लगा ली थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद मल्हार चौकी में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान मृतिका के मृत्यु पूर्व कथन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, अस्पताल के बेडहेड टिकट, घटनास्थल निरीक्षण और गवाहों के बयान के आधार पर घटना के कारणों की पड़ताल की गई। पुलिस के मुताबिक, जांच में जीजा विनेत जोगी की भूमिका सामने आने के बाद उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस जांच के मुताबिक, गीताराय अपने पति के साथ 15 से 16 अप्रैल 2026 तक मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बरछा गई थी। वहां वह अपने मामा कृष्ण बंजारे के घर उनकी बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंची थी। इसी दौरान उसके जीजा विनेत जोगी ने चरित्र पर लांछन लगाते हुए विवाद किया था। मृतिका ने मृत्यु पूर्व कथन में इस विवाद के कारण मानसिक तनाव में आने की बात कही थी।
गिरफ्तार आरोपित विनेत जोगी (44) पिता गोरेलाल जोगी, ग्राम टिकारी, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर का निवासी है। पुलिस ने मर्ग जांच में जुटाए गए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया है। यह धारा आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण से संबंधित है। मामले में आरोपित के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।