86 माह का डीए एरियर्स अटका, शिक्षकों-कर्मचारियों में आक्रोश, तत्काल भुगतान की मांग उठी
बिलासपुर में महंगाई भत्ते की देरी से कर्मचारी परेशान हैं, नौ वर्षों का 86 माह का एरियर्स अटका है, जिससे हर कर्मचारी को तीन से छह लाख का नुकसान हुआ।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 10:18:10 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 10:18:10 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- 86 माह का एरियर्स अटका।
- हर कर्मचारी को 3-6 लाख का नुकसान।
- तत्काल भुगतान की मांग।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुरः सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए महंगाई भत्ता अब राहत के बजाय आर्थिक चिंता का विषय बन गया है। जनवरी 2017 से जुलाई 2026 तक के नौ वर्षों में शासन द्वारा कुल 86 माह का डीए एरियर्स रोके जाने से कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है।
देय तिथि से भुगतान न होने के कारण प्रत्येक कर्मचारी को न्यूनतम तीन से अधिकतम छह लाख रुपये तक की सीधी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है, जिससे उनकी पारिवारिक और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन प्रभावित हो रहा है।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने इस मुद्दे पर शासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई के अनुपात में देय तिथि से ही भत्ता स्वीकृत करने का नियम है, ताकि कर्मचारी आर्थिक जद्दोजहद से बच सकें। इसके विपरीत राज्य में देय तिथि से भत्ता न देकर एरियर्स की राशि को लगातार लंबित रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोरोना काल में भत्ता फ्रीज रखने के अलावा अन्य वर्षों में भी किस्तों का एरियर्स रोका गया है। एसोसिएशन ने कर्मचारियों के हित में समस्त लंबित एरियर्स के तत्काल भुगतान की मांग की है।
नौ साल का हिसाब
कब कितने माह का रुका एरियर्स संगठन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2017 का 10 माह, जनवरी 2018 का 12 माह, जुलाई 2018 का आठ माह और जनवरी 2019 का सात माह का एरियर्स बाकी है। इसके अलावा कोरोना काल (जुलाई 2020 से जनवरी 2021) के 16 से 18 माह, जुलाई 2021 का 10 माह, जुलाई 2023 का आठ माह, जनवरी 2024 का 9 माह तथा जुलाई 2024 और जनवरी 2025 के आठ-आठ माह का भुगतान लंबित है।
वर्तमान भत्ते का भी इंतजार, बजट पर सीधा असर
पिछले एरियर्स के साथ ही कर्मचारियों की वर्तमान महंगाई भत्ते की किस्तें भी अटकी हुई हैं। जुलाई 2025 से देय तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता एरियर्स के रूप में लंबित है, जबकि जनवरी 2026 से देय दो प्रतिशत भत्ते की स्वीकृति का इंतजार है। समय पर भत्ता न मिलने से कर्मचारियों की बचत घट रही है और घरेलू बजट पर सीधी दबाव पड़ रहा है।