बीच सड़क मंच लगाकर केक काटना पड़ा भारी, ट्रैफिक जाम करने के मामले में गौरेला पुलिस ने दर्ज किया केस
गौरेला में भाजयुमो जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे के जन्मदिन पर बीच सड़क मंच लगाकर केक काटने और ट्रैफिक जाम करने के मामले में पुलिस ने फेसबुक लाइव वीडियो क...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 22 Sep 2026 08:39:24 PM (IST)Updated Date: Tue, 22 Sep 2026 08:39:24 PM (IST)
बीच सड़क मंच लगाकर केक काटते भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबेHighLights
- फेसबुक लाइव वीडियो के आधार पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे और अन्य पर केस दर्ज।
- गांधी चौक और खेरमाई चौक पर मंच लगाकर काटा गया केक, ट्रैफिक हुआ प्रभावित।
- भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 और 3(5) के तहत जूटमिल व गौरेला पुलिस ने की कार्रवाई।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर : भारतीय जनता युवा मोर्चा के गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के अध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे का जन्मदिन 18 सितंबर को गौरेला के गांधी चौक, खेरमाई चौक और बजरंग चौक में मंच लगाकर मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान सड़क पर केक काटने के साथ ढोल-नगाड़े बजाए गए और आतिशबाजी की गई।
आयोजन के चलते यातायात प्रभावित हुआ और चौक-चौराहों के आसपास वाहनों की लंबी कतार लगने से जाम की स्थिति निर्मित हो गई। इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कार्यक्रम का वीडियो फेसबुक लाइव करने के साथ ही सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किया गया। पुलिस ने सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो को संज्ञान में लेते हुए सिद्धार्थ दुबे, ऋतुराज अग्रवाल, मौसम ताम्रकार व अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
अमरकंटक रोड में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में भीड़ और आयोजन में शामिल लोगों को देखा जा सकता है। पुलिस द्वारा वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच के दौरान जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके संबंध में आगे कार्रवाई की जा सकती है।
चौक-चौराहों पर आयोजन को लेकर सख्ती
चौक-चौराहों पर सड़क बाधित कर जन्मदिन या अन्य कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर प्रशासन की ओर से सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह के आयोजन से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम नागरिकों को परेशानी होती है।
नगर पालिका अध्यक्ष के भतीजे हैं सिद्धार्थ दुबे
सिद्धार्थ दुबे गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हैं। वे गौरेला नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे के भतीजे हैं। जन्मदिन के कार्यक्रम में मुकेश दुबे, राकेश दुबे सहित अन्य लोग भी शामिल हुए थे। कार्यक्रम से संबंधित वीडियो में उनकी मौजूदगी दिखाई देने की बात कही गई है।
एसपी बोले- जांच के आधार पर होगी आगे कार्रवाई
जीपीएम एसपी मनोज कुमार खिलारी ने बताया कि मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मौके की स्थिति और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।